हल्द्वानी। क्षेत्र में नशे का कारोबार तेजी से फैल रहा है जिसके चलते कई परिवार उजड़ चुके हैं, इसकी बावजूद पुलिस और आबकारी विभाग मामले में गंभीर नहीं है। यहां शीशमहल खनन गेट के पास रहने वाले बिहार के बेतिया निवासी दो युवकों ने तीन मार्च को छककर शराब पी। हालत बिगड़ी तो दोनों को एसटीएच में भर्ती कराया गया। जहां शुक्रवार की रात इलाज के दौरान संदेश कुमार (36 वर्ष) की मौत हो गई। उसके साथी रोहित कुमार को उपचार के उपरांत अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद परिवार वाले शव लेकर बेतिया चले गए।
बेतिया के कंगली थानांतर्गत सुगहा के वार्ड नंबर तीन भवानीपुर निवासी सकट राम ने बताया कि उनके गांव का संदेश कुमार और रोहित शीशमहल खनन क्षेत्र में मजदूरी करते हैं। संदेश के साथ उसकी पत्नी और दस साल
से कम उम्र के पांच बच्चे भी रहते हैं। होली से एक दिन पहले शीशमहल के पास किसी से संदेश और रोहित ने अवैध शराब खरीदी। इसे पीने के बाद दोनों की हालत बिगड़ गई। उन्हें एसटीएच में भेजा गया। यहां इलाज के दौरान संदेश की मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शव लेकर सभी लोग बेतिया चले गए।
एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत के कारण का पता चल सकेगा। प्राथमिकी जांच में शराब पीने से हालत बिगड़ने पर भर्ती कराने की बात सामने आई है।





