उत्तराखण्ड

हल्दूचौड़ के पास तेज रफ्तार डंपर ने स्कूटी में मारी टक्कर, पिता गंभीर, 14 वर्षीय बेटी की दर्दनाक मौत,

लालकुआं। हल्दूचौड़ स्थित गायत्री शक्तिपीठ के निकट राष्ट्रीय राजमार्ग-109 पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। हल्द्वानी से लालकुआं की ओर स्कूटी से आ रहे पिता-पुत्री को पीछे से तेज रफ्तार डंपर ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में 14 वर्षीय बेटी की मौत हो गई, जबकि पिता गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह करीब 11 बजे गायत्री शक्तिपीठ से कुछ आगे पेट्रोल पंप के सामने यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि स्कूटी पर सवार सुरेंद्र कुमार (42 वर्ष) पुत्र हेतराम निवासी बंडिया, किच्छा, जनपद ऊधमसिंह नगर अपनी पुत्री प्रेरणा के साथ लालकुआं की ओर आ रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे डंपर ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि 14 वर्षीय प्रेरणा गंभीर रूप से घायल हो गई और मौके पर ही उसकी हालत बेहद नाजुक हो गई। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को 108 एंबुलेंस की सहायता से डॉ. सुशीला तिवारी चिकित्सालय, हल्द्वानी भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने प्रेरणा को मृत घोषित कर दिया। पिता सुरेंद्र कुमार का उपचार अस्पताल में जारी है।
मासूम बेटी की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। इधर, पुलिस ने आरोपी डंपर को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।
यह हादसा एक बार फिर राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों के खतरे और सड़क सुरक्षा के प्रति गंभीर चिंता को उजागर करता है।

To Top