लालकुआं। ओवर रेट में शराब बिक्री की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने गुरुवार देर रात लालकुआं और हल्दूचौड़ क्षेत्र की देसी एवं अंग्रेजी शराब की दुकानों में ताबड़तोड़ छापेमारी की। इस दौरान लालकुआं स्थित एक देसी शराब की दुकान में पांच रुपये की ओवररेटिंग पकड़ी गई। प्रशासन ने दुकान के आवश्यक दस्तावेज कब्जे में लेकर मामले की विस्तृत रिपोर्ट जिलाधिकारी नैनीताल को भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार रात करीब 9:30 बजे उप जिलाधिकारी लालकुआं रेखा कोहली और तहसीलदार ईश्वर सिंह भीमा के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम ने लालकुआं एवं हल्दूचौड़ क्षेत्र की शराब की दुकानों पर अचानक छापेमारी की। टीम ने दुकानों में पहुंचकर शराब के निर्धारित मूल्य, बिक्री संबंधी अभिलेख और अन्य दस्तावेजों की जांच की।
इस दौरान लालकुआं स्थित देसी शराब की दुकान पर प्रशासन की टीम ने ओवररेटिंग की जांच के लिए राजस्व विभाग के एक कर्मचारी को ग्राहक बनाकर शराब खरीदने भेजा। आरोप है कि दुकान के सेल्समैन ने निर्धारित मूल्य से पांच रुपये अधिक वसूल लिए। इसके बाद टीम ने मौके पर ही कार्रवाई करते हुए दुकान के संबंधित दस्तावेज कब्जे में ले लिए।
उप जिलाधिकारी रेखा कोहली ने बताया कि जांच के दौरान पांच रुपये की ओवररेटिंग पकड़ी गई है। मामले में दुकान के दस्तावेज कब्जे में लेकर विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जा रही है, जिसे जिलाधिकारी नैनीताल को भेजा जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि शराब की दुकानों पर निर्धारित मूल्य से अधिक वसूली किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि ओवररेटिंग की शिकायतों को लेकर प्रशासन का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।




