देहरादून। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम बनाने की मांग को लेकर देहरादून के गांधी पार्क में भारी संख्या में कार्यकर्ताओं एवं अपने समर्थकों के साथ उपवास/ धरने बैठ गए हैं। उनका समर्थन देने के लिए भारी संख्या में बिंदुखत्ता क्षेत्र से भी ग्रामीण वहां पहुंचे हैं।
गौरतलब है कि राज्य मंत्रिमंडल की आज 25 फरवरी को बैठक चल रही है जिसमें बिंदुखत्ता को राजस्व गांव घोषित करने की प्रक्रिया शुरू करने का प्रस्ताव लाए जाने की चर्चा है। पूर्व सीएम हरीश रावत का कहना है कि बिंदुखत्ता को राजस्व गांव का विधिसम्मत दर्जा दिलाने और भूमि के मालिकाना अधिकार सुनिश्चित कराने के लिए यह धरना/ उपवास आयोजित किया जा रहा है। धरने में बड़ी संख्या में बिंदुखत्ता वासियों की भागीदारी है।
हरीश रावत ने कहा कि बिंदुखत्ता के लोग लंबे समय से जमीन के मालिकाना अधिकार के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राजस्व गांव के नाम पर वोट मांगने वाली भाजपा लोगों को बार-बार आश्वासन देकर गुमराह कर रही है। धरने में कांग्रेसी नेता हेमवती नंदन दुर्गापाल सहित अनेक लोग मौजूद रहे।





