,

करवा चौथ की पूर्व बेला पर ग्रीन पार्क में सजेगी रंगारंग महफिल, पुरुषों का प्रवेश रहेगा वर्जित; पारंपरिक परिधानों में महिलाएं बिखेरेंगी लोक संस्कृति के रंग
लालकुआं। करवा चौथ पर्व की पूर्व बेला पर लालकुआं में आज संस्कृति, परंपरा और महिला सशक्तिकरण का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। नगर के ग्रीन पार्क में मंगलवार शाम चार बजे से भव्य एवं विशाल डांडियाना करवा चौथ उत्सव-2026 का आगाज होगा। रंग-बिरंगी रोशनी, डांडिया की खनक और पारंपरिक उल्लास के बीच आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में नगर की करीब 300 महिलाएं उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करेंगी। महिलाओं के लिए विशेष रूप से आयोजित इस उत्सव में पुरुषों का प्रवेश वर्जित रहेगा।
करीब चार घंटे तक चलने वाले इस रंगारंग आयोजन में महिलाएं अलग-अलग समूहों में डांडिया नृत्य की प्रस्तुतियां देकर अपनी प्रतिभा और सांस्कृतिक अभिरुचि का प्रदर्शन करेंगी। आयोजन में प्रवेश के लिए प्रति प्रतिभागी 300 रुपये का टिकट निर्धारित किया गया है। उत्कृष्ट नृत्य, बेहतर तालमेल और शानदार प्रस्तुति देने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन भी किया जाएगा।
कार्यक्रम की आयोजक चंद्रा खाती एवं प्रियंका अरोड़ा ने बताया कि इस उत्सव का उद्देश्य महिलाओं को मनोरंजन और अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए एक विशेष मंच उपलब्ध कराने के साथ ही भारतीय संस्कृति, पारंपरिक संगीत और पर्वों की महत्ता को जीवंत बनाए रखना है। उन्होंने कहा कि आधुनिकता के दौर में पारंपरिक उत्सवों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना और महिलाओं को सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ना बेहद जरूरी है।
उन्होंने बताया कि डांडिया उत्सव केवल नृत्य और मनोरंजन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह महिलाओं को एक-दूसरे से जुड़ने, सामूहिक सहभागिता बढ़ाने, आत्मविश्वास प्रदर्शित करने और अपनी सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने का अवसर भी प्रदान करेगा। महिलाओं की भागीदारी से सजा यह आयोजन आपसी मेल-मिलाप, उत्साह और सामाजिक एकजुटता का संदेश देगा।
करवा चौथ से पहले आयोजित हो रहा यह विशेष उत्सव लालकुआं की महिलाओं के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। डांडिया की थाप, पारंपरिक रंगों और उत्सवी उमंग के बीच ग्रीन पार्क में संस्कृति के साथ महिला प्रतिभा और सशक्तिकरण की झलक देखने को मिलेगी।



