लालकुआं। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने क्षेत्रवासियों की भारी मांग को देखते हुए बिन्दुखत्ता को राजस्व ग्राम बनाये जाने संबंधी विलोपित की गई घोषणा को पुनः जीवित किये जाने का अनुमोदन प्रदान किया गया है।
उक्त जानकारी देते हुए क्षेत्रीय सांसद अजय भट्ट ने कहा कि बिंदुखत्ता को राजस्व गांव का दर्जा दिलाने के लिए वह, लालकुआं के विधायक तथा क्षेत्र के अन्य जन प्रतिनिधि लंबे समय से मुख्यमंत्री से मांग कर रहे थे, अब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं बिंदुखत्ता को राजस्व गांव का दर्जा दिलाने के लिए सक्रिय हो गए हैं, जल्द ही बिन्दुखत्ता को राजस्व ग्राम बनाया जायेगा।
जिसके क्रियान्वयन/पूर्ति के सम्बन्ध में उक्तांकित क्षेत्र/ग्राम वन क्षेत्रान्तर्गत स्थित होने के कारण वन विभाग के स्तर से भारत सरकार की अनापत्ति प्राप्त करने के उपरान्त ही शासन द्वारा नीतिगत निर्णय लिया जाना है, जिसके लिए अनेक प्राविधान है, जिसमें समय लगने की पूर्ण संभावना के दृष्टिगत दिनांक 01.07.2025 को मुख्यमंत्री घोषणाओं की विभागीय समीक्षा बैठक में प्रदत्त उच्चादेशानुसार उक्त घोषणा को राजस्व विभाग की सूची से विलोपित किये जाने हेतु मुख्यमंत्री कार्यालय से अनुरोध किया गया था, तथा उक्त घोषणा को विलोपित कर दिया गया था।
क्षेत्रीय सांसद ने बताया कि अब मुख्यमंत्री द्वारा ग्राम बिन्दुखत्ता को राजस्व ग्राम बनाया जायेगा संबंधी घोषणा को पुनर्जीवित किये जाने का अनुमोदन प्रदान किया गया है। जिससे क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है। उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब जल्द ही बिंदुखता को डिफॉरेस्ट करने की प्रक्रिया शुरू कराई जाएगी, जिसके लिए केंद्र सरकार पर भी दबाव बनाया जाएगा, इसके बाद राजस्व गांव की प्रक्रिया होगी।





