हल्द्वानी। गौला बाईपास रोड एक बार फिर खूनी सड़क साबित हुई। सोमवार सुबह इंदिरा नगर रेलवे फाटक के सामने तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार उछलकर सड़क पर जा गिरा और गंभीर चोटों के चलते उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दुर्घटना में मृतक के पैर का पंजा तक शरीर से अलग हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे बाइक संख्या UK 06 BK 0927 का चालक गोला बाईपास से शनि बाजार रोड की ओर जाने के लिए बाइक मोड़ रहा था। इसी दौरान सामने से तेज गति से आ रही स्कॉर्पियो कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक सवार सड़क पर जा गिरा और बुरी तरह घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही बनभूलपुरा पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दुर्घटना का जायजा लेते हुए जांच शुरू की। पुलिस ने मृतक की पहचान प्रदीप हलदार पुत्र अनंत हलदार निवासी गोविंदनगर, शक्तिफार्म, जनपद ऊधम सिंह नगर के रूप में की है। पुलिस ने शव को एंबुलेंस के माध्यम से भिजवाया। तलाशी के दौरान मृतक के पास से नकदी समेत अन्य जरूरी सामान भी बरामद हुआ।
गौरतलब है कि गोला बाईपास पर लगातार दूसरे दिन सड़क हादसा सामने आने से इस मार्ग पर यातायात सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। आए दिन हो रही दुर्घटनाओं से स्थानीय लोगों में दहशत और आक्रोश का माहौल है। लोगों का कहना है कि तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए ठोस कदम उठाए जाने बेहद जरूरी हैं, ताकि इस मार्ग पर सफर करने वाले लोगों की जान सुरक्षित रह सके।



