उत्तराखण्ड

लालकुआं चेयरमैन पर मुकदमे से नाराज उत्तराखंड निकाय संगठन ने एसएसपी से भेंट कर मामले में उच्च स्तरीय जांच की मांग की… देखें वीडियो

लालकुआं। नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी और लालकुआं कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक के बीच हुए विवाद ने अब निकाय स्तर पर तूल पकड़ लिया है। नगर पंचायत अध्यक्ष के साथ कथित अभद्रता और उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किए जाने से नाराज उत्तराखंड निकाय संगठन ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी से मुलाकात की। संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने कोतवाल के खिलाफ कार्रवाई, अध्यक्ष के विरुद्ध दर्ज मुकदमे को निरस्त करने तथा पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई।
निकाय संगठन के प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में एसएसपी से मिले प्रतिनिधिमंडल ने लालकुआं प्रकरण पर कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के साथ इस तरह का व्यवहार कतई स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत अध्यक्ष के साथ हुई घटना और उसके बाद उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किए जाने से प्रदेशभर के निकाय प्रतिनिधियों में रोष व्याप्त है। संगठन ने पुलिस प्रशासन से पूरे घटनाक्रम की निष्पक्षता से जांच कराकर दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि एक सप्ताह के भीतर मामले में ठोस और सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
प्रतिनिधिमंडल की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने पूरे प्रकरण की जांच एसपी सिटी हरबंस सिंह को सौंप दी। उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जनप्रतिनिधियों के साथ शालीनता और बेहतर व्यवहार बनाए रखने के निर्देश भी दिए। एसएसपी ने कहा कि पुलिस और जनप्रतिनिधि दोनों ही व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और उनके बीच बेहतर समन्वय एवं आपसी सम्मान बना रहना आवश्यक है।
एसएसपी से मुलाकात करने वालों में उत्तराखंड निकाय संगठन के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद वर्मा, महामंत्री सुरेंद्र सिंह लोटनी, कौशल्यपुरी बाजपुर के अध्यक्ष राजीव सैनी, नगला नगर पालिका के अध्यक्ष सचिन शुक्ला, गदरपुर पालिका के अध्यक्ष मनोज गुंबर, नैनीताल पालिका की अध्यक्ष सरस्वती खेतवाल, कालाढूंगी पालिका की अध्यक्ष रेखा कत्यूरा, भवाली नगर पालिका के अध्यक्ष पंकज आर्य सहित विभिन्न निकायों के अध्यक्ष एवं पदाधिकारी शामिल रहे।
फोटो परिचय: एसएसपी नैनीताल से मुलाकात कर लालकुआं प्रकरण में कार्रवाई की मांग करते उत्तराखंड निकाय संगठन के पदाधिकारी।

To Top