उत्तराखण्ड

कचरा प्रबंधन में लालकुआं नगर पंचायत का राष्ट्रीय स्तर पर डंका, देशभर में हासिल किया प्रथम स्थान, 17 नवंबर को केंद्रीय मंत्री करेंगे सम्मानित,

लालकुआं। स्वच्छता और कचरा प्रबंधन के क्षेत्र में नगर पंचायत लालकुआं ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल कर उत्तराखंड का मान बढ़ाया है। भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय तथा राष्ट्रीय नगर कार्य संस्थान (एनआईयूए) की ओर से आयोजित ‘शहरी सीख महोत्सव 2.0’ में नगर पंचायत लालकुआं को अन्य शहरी स्थानीय निकायों की श्रेणी में देशभर में विजेता घोषित किया गया है। नगर पंचायत को यह सम्मान स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से संपूर्ण कचरा प्रबंधन व्यवस्था विकसित करने और उसे धरातल पर लागू करने के लिए मिला है।
उक्त जानकारी देते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी ने बताया कि राष्ट्रीय शहरी शिक्षण मंच के माध्यम से आयोजित इस पहल में देशभर के सरकारी निकायों, शैक्षणिक संस्थानों और उद्योग जगत से कुल 201 प्रविष्टियां प्राप्त हुई थीं। व्यवस्थित मूल्यांकन और चयन प्रक्रिया के बाद नगर पंचायत लालकुआं की पहल को उत्कृष्ट मानते हुए विजेता चुना गया। इस उपलब्धि ने छोटे शहरों में भी जनसहभागिता और बेहतर प्रबंधन के माध्यम से स्वच्छता के क्षेत्र में नए उदाहरण प्रस्तुत करने की लालकुआं की क्षमता को राष्ट्रीय पहचान दिलाई है।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय नगर कार्य संस्थान की निदेशक डॉ. देबोलीना कुंडू ने नगर पंचायत लालकुआं को आधिकारिक पत्र भेजकर इस उपलब्धि पर बधाई दी है। उन्होंने कहा कि इस तरह की अभिनव पहल देशभर के शहरी निकायों के लिए सीखने और सफल कार्यप्रणालियों को अपनाने के महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करती हैं।
इस उपलब्धि पर सम्मान समारोह 17 नवंबर 2026 को देहरादून में आयोजित ‘पर्वत मंथन क्षेत्रीय सम्मेलन’ के दौरान होगा। फेयरफील्ड बाय मैरियट में 17 और 18 नवंबर को आयोजित होने वाले इस सम्मेलन में भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू के हाथों नगर पंचायत लालकुआं के प्रतिनिधियों को सम्मानित किया जाएगा। सम्मेलन में नीति-निर्माता, शहरी विकास विशेषज्ञ और विभिन्न क्षेत्रों के जानकार हिमालयी क्षेत्रों में टिकाऊ एवं जलवायु अनुकूल शहरी विकास पर विचार-विमर्श करेंगे।

To Top