लालकुआं। क्षेत्र के जाने-माने ज्योतिषाचार्य एवं भविष्यवक्ता पंडित गोपाल दत्त जोशी के आकस्मिक निधन से हल्दूचौड़ समेत पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। जिस घर में कुछ ही दिनों बाद बच्चों की शादी की खुशियां गूंजने वाली थीं, वहां अचानक मातम पसर गया। दोनों बच्चों के विवाह की तैयारियां चल रही थीं और शादी के निमंत्रण पत्र तक छप चुके थे, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। पिता के अचानक चले जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हल्दूचौड़ के बबूर गुमटी निवासी 50 वर्षीय पंडित गोपाल दत्त जोशी का हृदय गति रुकने से आकस्मिक निधन हो गया। वह क्षेत्र के प्रतिष्ठित ज्योतिषाचार्य एवं भविष्यवक्ता थे। ज्योतिष के क्षेत्र में उनकी विशेष पहचान थी और उनके पास प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याओं के समाधान एवं भविष्य संबंधी परामर्श लेने पहुंचते थे। सरल स्वभाव और ज्योतिष विद्या में उनकी गहरी पकड़ के चलते क्षेत्र में उनके अनेक अनुयायी और प्रशंसक थे।
सबसे हृदयविदारक पहलू यह है कि उनके पुत्र और पुत्री दोनों का इसी माह विवाह होना तय था। घर में विवाह की तैयारियां जोरों पर थीं और रिश्तेदारों व परिचितों को बांटने के लिए निमंत्रण पत्र भी छप चुके थे। परिवार विवाह की खुशियों में सराबोर होने की तैयारी कर रहा था, लेकिन अचानक हुए इस हादसे ने सारी खुशियों को मातम में बदल दिया। जिस आंगन में कुछ दिनों बाद शहनाइयां गूंजनी थीं, वहां अब अपनों की सिसकियां सुनाई दे रही हैं।
पंडित गोपाल दत्त जोशी अपने पीछे पुत्र-पुत्री सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके निधन की खबर मिलते ही क्षेत्र के लोगों, परिचितों और उनके अनुयायियों में शोक व्याप्त हो गया। उनके आकस्मिक निधन को क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताया जा रहा है।



