लालकुआं। दीपावली के त्योहार पर मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर अंकुश लगाने और लोगों को शुद्ध मिठाइयां उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग ने लालकुआं में विशेष निरीक्षण अभियान चलाया। खाद्य संरक्षा आयुक्त एवं जिलाधिकारी नैनीताल के निर्देश पर प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने मुख्य बाजार और गौला रोड क्षेत्र में करीब एक दर्जन खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान विभिन्न मिठाइयों के पांच नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।
अभियान के दौरान टीम ने बेसन के लड्डू, बालूशाही, मिल्क लॉज और तिल-खोया लड्डू सहित विभिन्न मिठाइयों के नमूने एकत्रित किए। इन नमूनों को गुणवत्ता एवं मिलावट की जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई से दीपावली के मद्देनजर मिठाई और खाद्य पदार्थों का कारोबार करने वाले प्रतिष्ठान संचालकों में हलचल रही। अभियान में तहसीलदार लालकुआं ईश्वर सिंह भीमा, सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा अजब सिंह रावत, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी हल्द्वानी ग्रामीण नंदकिशोर सहित तहसील के अन्य कर्मचारी शामिल रहे।
फोटो परिचय= लालकुआं में मिठाई की दुकानों में छापेमारी करते खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम



