उत्तराखण्ड

ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से लालकुआं हाईवे पर गिरा स्ट्रीट लाइट का जलता हुआ पोल, बाल-बाल बचा स्कूटी सवार; कई किमी लंबा जाम

लालकुआं। ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में गुरुवार शाम उस समय बड़ा हादसा टल गया, जब पुवाल से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से हाईवे के डिवाइडर पर लगा स्ट्रीट लाइट का विद्युत पोल भरभराकर सड़क पर गिर पड़ा। इसी दौरान वहां से गुजर रहा एक स्कूटी सवार विद्युत पोल की चपेट में आने से बाल-बाल बच गया। बीच सड़क पर पोल गिरने से हाईवे के एक तरफ का यातायात करीब 45 मिनट तक ठप रहा, जबकि सड़क के दोनों ओर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। जाम खुलवाने में पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम करीब सात बजे किच्छा से लालकुआं की ओर पुवाल से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली आ रही थी। ट्रांसपोर्ट नगर के समीप ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक डिवाइडर पर लगे स्ट्रीट लाइट के पोल से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पोल उखड़कर बीच सड़क पर जा गिरा। गनीमत रही कि जिस समय पोल गिरा, उसी दौरान लालकुआं से किच्छा की ओर जा रहा एक स्कूटी सवार उसकी चपेट में आने से बच गया, अन्यथा गंभीर हादसा हो सकता था।
हाईवे के बीचोंबीच विद्युत पोल गिरने से यातायात बाधित हो गया और देखते ही देखते दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। घटना की सूचना मिलने पर नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी और सभासद धन सिंह बिष्ट को मामले से अवगत कराया गया। इसके बाद विद्युत विभाग और नगर पंचायत के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। कर्मचारियों ने करीब 45 मिनट की मशक्कत के बाद पोल को काटकर सड़क से हटाया, जिसके बाद यातायात बहाल हो सका।
इस दौरान हाईवे पर कई किलोमीटर तक वाहनों की कतारें लगी रहीं। जाम को नियंत्रित करने और यातायात सुचारु कराने में लालकुआं कोतवाली पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। संयोगवश विद्युत पोल गिरने के दौरान स्कूटी सवार की जान बच गई, लेकिन इस घटना ने हाईवे पर भारी वाहनों की आवाजाही के बीच सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए।
फोटो परिचय: ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में हाईवे के बीच गिरे विद्युत पोल के कारण बाधित यातायात।

To Top