लालकुआं। फैक्ट्री कर्मी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत से क्षेत्र में शोक की लहर है। घर पर अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद अस्पताल ले जाए गए 37 वर्षीय युवक को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में विषैला पदार्थ सेवन करने की आशंका जताई गई है। हालांकि, युवक ने किन परिस्थितियों में विषैला पदार्थ खाया, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।
पुलिस के अनुसार, पश्चिमी राजीव नगर, बिंदुखत्ता निवासी भगवंत राम (37) एक फैक्ट्री में इलेक्ट्रीशियन के पद पर कार्यरत थे। गत शाम वह घर पर ही थे, तभी अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। हालत लगातार गंभीर होने पर परिजन उन्हें तत्काल डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और बाद में परिजनों के सुपुर्द कर दिया। एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्र ने बताया कि प्रारंभिक जांच में विषैला पदार्थ खाने की बात सामने आई है, लेकिन मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी। फिलहाल परिजनों की ओर से किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया गया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।



