लालकुआं। लालकुआं और बिंदुखत्ता क्षेत्र में संचालित क्लिनिकों और मेडिकल स्टोरों पर जिला प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर मंगलवार को प्रशासन, स्वास्थ्य और औषधि विभाग की संयुक्त टीम ने आधा दर्जन से अधिक प्रतिष्ठानों में अचानक छापेमारी की। इस दौरान आवश्यक दस्तावेज नहीं मिलने पर दो क्लिनिकों को सीज कर दिया गया, जबकि गौला रोड स्थित जन औषधि केंद्र के लाइसेंस निरस्तीकरण की संस्तुति की गई। अन्य जांचे गए क्लिनिकों और मेडिकल स्टोरों के दस्तावेज सही पाए गए।
उप जिलाधिकारी लालकुआं रेखा कोहली के नेतृत्व में गठित संयुक्त टीम ने लालकुआं और बिंदुखत्ता क्षेत्र में क्लिनिकों एवं मेडिकल स्टोरों की जांच शुरू की तो संबंधित प्रतिष्ठान संचालकों में हड़कंप मच गया। छापेमारी की सूचना फैलते ही कुछ दुकानदारों द्वारा अपनी दुकानें बंद कर ताले लगाने की भी चर्चा रही।
जांच के दौरान राजीव नगर बंगाली कॉलोनी स्थित सुमंत मंडल क्लिनिक और 25 एकड़ रोड स्थित मनोज राय क्लिनिक में आवश्यक अभिलेख नहीं मिले। इस पर टीम ने दोनों क्लिनिकों को सीज कर दिया। वहीं, गौला रोड पर आईटीसी गेट के सामने स्थित जन औषधि केंद्र में भी आवश्यक दस्तावेजों की कमी पाए जाने पर उसके लाइसेंस के निरस्तीकरण की संस्तुति की गई है।
प्रशासन की टीम ने क्षेत्र के अन्य क्लिनिकों और मेडिकल स्टोरों का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों के अनुसार, जांच के दौरान वहां आवश्यक कागजात सही पाए गए। संयुक्त टीम ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं और दवाओं से जुड़े प्रतिष्ठानों में नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रह सकती है।
छापेमारी अभियान में उप जिलाधिकारी रेखा कोहली, ब्लॉक स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ममता सिंह, लालकुआं के चिकित्साधिकारी डॉ. लव पांडे, ड्रग इंस्पेक्टर मीनाक्षी एवं अर्चना, रजिस्ट्रार कानूनगो पंकज कुड़ाई, उप राजस्व निरीक्षक वीरेंद्र चंद, जॉनी सिंह और आरिफ हुसैन सहित राजस्व, स्वास्थ्य एवं औषधि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।
फोटो परिचय- लालकुआं क्षेत्र के अवैध क्लिनिको में छापेमारी करती विभागीय टीम



