उत्तराखण्ड

कुमाऊं दिवस पर वीरभूमि के शौर्य को सलाम, पूर्व सैनिकों और वीर नारियों का हुआ भव्य सम्मान

लालकुआं। हल्दूचौड़ में मंगलवार को कुमाऊं दिवस एवं पैदल सेना दिवस धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। समारोह में कुमाऊं की गौरवशाली सैन्य परंपरा, वीर जवानों के अदम्य साहस और देश की रक्षा में उनके अतुलनीय योगदान को याद करते हुए पूर्व सैनिकों और वीर नारियों को सम्मानित किया गया। भव्य रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समारोह में चार चांद लगा दिए।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि मेजर जनरल इंदर सिंह बोरा तथा समारोह अध्यक्ष पूर्व सैनिक एवं नगर पंचायत लालकुआं के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद सरस्वती वंदना के साथ समारोह का विधिवत आगाज हुआ। वक्ताओं ने कुमाऊं रेजिमेंट के गौरवशाली इतिहास, सैनिकों के अदम्य साहस, अनुशासन, त्याग और राष्ट्र के प्रति समर्पण को याद करते हुए कहा कि कुमाऊं की धरती ने देश को ऐसे वीर सपूत दिए हैं, जिन्होंने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया है।
समारोह के दौरान सुरेंद्र सिंह लोटनी ने पूर्व सैनिकों के साथ वीर नारियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर वीर नारियों के त्याग, संघर्ष और समर्पण को नमन करते हुए कहा गया कि सैनिकों की वीरता के पीछे उनके परिवारों का त्याग और धैर्य भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। देश की रक्षा में अपने प्रियजनों का योगदान देने वाले परिवारों का सम्मान करना पूरे समाज का दायित्व है।
इस दौरान 16 कुमाऊं के ऑनरेरी कैप्टन राजेंद्र जलाल को पांच राष्ट्रपतियों से सम्मान प्राप्त होने के उपलक्ष्य में विशेष रूप से सम्मानित किया गया। उनके सम्मान को समारोह की महत्वपूर्ण उपलब्धियों में शामिल किया गया।
वक्ताओं ने कहा कि कुमाऊं दिवस और पैदल सेना दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले वीर जवानों के शौर्य, बलिदान और राष्ट्रभक्ति को स्मरण करने का दिन है। पूर्व सैनिकों का अनुभव और उनकी अनुशासित जीवनशैली समाज के लिए प्रेरणास्रोत है, जबकि वीर नारियों का साहस और धैर्य हर पीढ़ी को राष्ट्रसेवा की सीख देता है। उन्होंने कहा कि सैनिकों की गौरवशाली विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाना और पूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारों के सम्मान को बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
समारोह में पूर्व सैनिकों ने आपसी एकता, भाईचारे और राष्ट्रसेवा की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया। इस दौरान कैप्टन मदन सिंह राठौड़, कैप्टन पुष्कर सिंह भंडारी, मेजर कुंवर सिंह, सूबेदार कुंवर सिंह, कैप्टन कविंद्र सिंह, सूबेदार राम सिंह, प्रकाश मिश्रा कैप्टन कृपाल सिंह, प्रकाश चंद, कैप्टन खिलाफ सिंह, कैलाश बिरखानी, शेखर उप्रेती, कैप्टन हरिकिशन, कैप्टन धर्म सिंह रमोला, नंदन राणा, गोपाल नेगी, भुवन भट्ट और हरीश डसीला सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, वीर नारियां एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे।
फोटो परिचय- सेना में अदम्य साहस दिखाने वाले पूर्व सैनिक को सम्मानित करते अतिथि एवं उपस्थित पूर्व सैनिक

To Top