उत्तराखण्ड

सेना में सेवा के बाद समाजसेवा में विशिष्ट पहचान बनाने पर नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी सम्मानित,

लालकुआं। भारतीय सेना में सेवाएं देने के बाद समाजसेवा के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बनाने वाले नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी को गवर्नमेंट पेंशनर्स वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन उत्तराखंड ने सम्मानित किया। संगठन की ओर से उन्हें लालकुआं विधानसभा क्षेत्र में उत्कृष्ट सामाजिक एवं जनहित के कार्यों के लिए सम्मान पत्र भेंट कर शॉल ओढ़ाई गई और माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया।
गवर्नमेंट पेंशनर्स वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष बच्ची सिंह रावत एवं प्रदेश संगठन मंत्री त्रिवेणी सहाय गंगवार के नेतृत्व में संगठन के पदाधिकारियों ने नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी को यह सम्मान प्रदान किया। इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि भारतीय सेना में लंबे समय तक देश की सेवा करने के बाद सुरेंद्र सिंह लोटनी ने सामाजिक जीवन में कदम रखते हुए जनसेवा को अपना ध्येय बनाया है। लालकुआं विधानसभा क्षेत्र में उनके द्वारा किए जा रहे सामाजिक एवं जनहित के कार्य सराहनीय हैं। उनके सेवा भाव, समर्पण और क्षेत्र के विकास के प्रति सक्रियता को देखते हुए संगठन ने उन्हें सम्मानित करने का निर्णय लिया।
सम्मान प्राप्त करने पर नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी ने संगठन के पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज के बीच रहकर लोगों की सेवा करना उनके लिए सम्मान और संतोष का विषय है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार का सम्मान उन्हें भविष्य में भी पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ जनसेवा करने की प्रेरणा देता रहेगा।
फोटो परिचय: नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी को सम्मानित करते गवर्नमेंट पेंशनर्स वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन उत्तराखंड के पदाधिकारी।

To Top