उत्तराखण्ड

लालकुआं में पटाखों की तेज आवाज से घबराया पिकअप चालक, कार से भिड़ा; बाजार में हंगामा

लालकुआं। दीपावली की रात लालकुआं के मुख्य बाजार में हाईवे किनारे पटाखे फोड़ना उस समय वाहन चालकों के लिए मुसीबत बन गया, जब तेज धमाके की आवाज से घबराए एक पिकअप चालक ने वाहन को दूसरी दिशा में मोड़ दिया। इस दौरान पिकअप सामने से आ रही एक कार से जा टकराई। टक्कर के बाद कार सवार युवकों ने जमकर हंगामा किया, जिससे मौके पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार महालक्ष्मी पूजन की रात करीब 11 बजे लालकुआं मुख्य बाजार में हाईवे किनारे कुछ युवक पटाखे फोड़ रहे थे। इसी दौरान हल्द्वानी की ओर से आ रहे पिकअप चालक के सामने अचानक तेज धमाके के साथ बम फूट गया। धमाके की आवाज से चालक घबरा गया और वाहन पर नियंत्रण बनाने के प्रयास में उसने पिकअप दूसरी दिशा में मोड़ दी। इसी दौरान पिकअप एक कार से टकरा गई। हादसे के बाद कार सवार युवक पिकअप चालक से उलझ गए और दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। सूचना पर मौके पर पहुंची 112 सेवा की पुलिस ने काफी देर तक दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत कराया। बाद में दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौता हो जाने से मामला शांत हो गया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।

To Top