लालकुआं। नगर के वरिष्ठ व्यापारी एवं प्रतिष्ठित समाजसेवी प्रेम बल्लभ भट्ट (74) के आकस्मिक निधन से लालकुआं में शोक की लहर दौड़ गई। उनके निधन की खबर से जहां परिवार में कोहराम मच गया, वहीं व्यापारिक, सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े लोगों में शोक व्याप्त हो गया।
वार्ड नंबर दो गांधीनगर निवासी प्रेम बल्लभ भट्ट ने मंगलवार तड़के हल्द्वानी के एक चिकित्सालय में अंतिम सांस ली। उनके आकस्मिक निधन की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और शोक संवेदनाएं व्यक्त करने वालों का उनके आवास पर तांता लग गया।
नगर में उनके निधन के प्रति सम्मान जताते हुए व्यापारियों ने शव यात्रा निकलने तक अपने प्रतिष्ठान बंद रखे। प्रातः उनके आवास से अंतिम यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में नगरवासियों, व्यापारियों एवं गणमान्य नागरिकों ने शामिल होकर नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी। रानीबाग स्थित चित्रशिला घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया।
प्रेम बल्लभ भट्ट के निधन को नगर के व्यापारिक एवं सामाजिक क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है। उनके निधन से क्षेत्र ने एक अनुभवी व्यापारी और समाजसेवी को खो दिया।



