उत्तराखण्ड

हल्द्वानी के समीप टांडा के जंगल में दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में वीडीओ समेत दो की मौत, दो गंभीर

हल्द्वानी। रामपुर रोड पर टांडा जंगल के एस-मोड़ के पास सोमवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां उजाड़ दीं। तेज रफ्तार दो बाइकों की आमने-सामने जबरदस्त भिड़ंत में ग्राम विकास अधिकारी (वीडीओ) समेत दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दोनों बाइकों पर सवार दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है, जहां एक की हालत नाजुक बनी हुई है। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया।

पुलिस के मुताबिक सोमवार शाम करीब सात बजे टांडा जंगल के एस-मोड़ से कुछ दूरी पहले दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर होने की सूचना मिली। सूचना पर टीपीनगर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और चारों घायलों को एंबुलेंस की मदद से एसटीएच पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया।

यह भी पढ़ें 👉  जौहार महोत्सव में शौका जनजाति के पारंपरिक नृत्य, व्यंजन और स्थानीय उत्पाद रहे आकर्षण का केंद्र

मृतकों की पहचान 30 वर्षीय सौरभ बिष्ट पुत्र स्वर्गीय कुंदन सिंह बिष्ट निवासी मंगोलिया, कालाढूंगी और 29 वर्षीय राजीव गुप्ता पुत्र कृष्ण मुरारी लाल निवासी वार्ड नंबर छह, रम्पुरा, रुद्रपुर के रूप में हुई है। सौरभ बिष्ट नैनीताल जिले के बेतालघाट क्षेत्र में ग्राम विकास अधिकारी के पद पर तैनात थे। हादसे के वक्त वह अपने साथी बृजेश सती के साथ रुद्रपुर से हल्द्वानी की ओर आ रहे थे।

वहीं दूसरी बाइक पर सवार राजीव गुप्ता अपने 50 वर्षीय बहनोई प्रेम शंकर शर्मा के साथ हल्द्वानी से रुद्रपुर लौट रहे थे। बताया गया कि राजीव अपनी भांजी भावना की आगामी 15 नवंबर को होने वाली शादी का निमंत्रण कार्ड रिश्तेदारों को बांटने हल्द्वानी आए थे। शादी की खुशियों के बीच निमंत्रण बांटकर घर लौट रहे राजीव को क्या पता था कि रास्ते में मौत उनका इंतजार कर रही है। एक ओर परिवार में भांजी की शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहीं इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।

यह भी पढ़ें 👉  विधानसभा चुनाव में टिकट के दावेदारों की बढ़ी धड़कनें, हल्द्वानी पहुंचे राम माधव ने कुमाऊं के इन नेताओं से लिया फीडबैक,

दुर्घटना में 32 वर्षीय बृजेश सती पुत्र जगदीश चंद्र सती निवासी कालाढूंगी बंदोबस्ती और 50 वर्षीय प्रेम शंकर शर्मा पुत्र गंगाधर शर्मा निवासी रम्पुरा, रुद्रपुर गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों का एसटीएच में उपचार चल रहा है। बृजेश सती की हालत नाजुक बताई जा रही है।

यह भी पढ़ें 👉  बिंदुखत्ता निवासी फैक्ट्री इलेक्ट्रीशियन की संदिग्ध हालात में मौत से मचा हड़कंप,

एसएचओ हल्द्वानी विजय मेहता ने बताया कि हादसे में चारों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया था, जहां दो को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। एसपी सिटी हरबंस सिंह ने बताया कि मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिए गए हैं और घायलों का उपचार जारी है। प्रारंभिक जांच में ओवरटेक के दौरान दोनों बाइकों की भिड़ंत होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है।

Ad Ad
To Top