उत्तराखण्ड

कैंची धाम की राह में हादसा: लालकुआं के पास अचानक धू-धू कर जली कार, कूदकर श्रद्धालुओं ने बचाई जान… देखें वीडियो

लालकुआं। बाबा नीम करौली महाराज के पावन धाम कैंची मंदिर के दर्शन के लिए जा रहे दो श्रद्धालुओं की कार में देर शाम मोटाहल्दू क्षेत्र में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते कार धू-धू कर जलने लगी। कार में सवार दोनों लोगों ने किसी तरह बाहर कूदकर अपनी जान बचाई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार अकबरपुर, कानपुर उत्तर प्रदेश निवासी सुनील कुमार और उमेश सिंह कार से कैंची धाम मंदिर के दर्शन के लिए जा रहे थे। लालकुआं-हल्द्वानी के बीच मोटाहल्दू क्षेत्र में पहुंचते ही अचानक कार में आग भड़क उठी। आग की लपटें तेज होने पर दोनों सवारों ने तत्काल कार से बाहर छलांग लगा दी, जिससे उनकी जान बच सकी।
कार में आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार बुरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो चुकी थी।
गनीमत रही कि कार में सवार दोनों लोग समय रहते बाहर निकल गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया। कार में आग लगने के कारणों का तत्काल पता नहीं चल सका।

To Top