उत्तराखण्ड

नैनीताल दुग्ध संघ से जुड़े बिंदुखत्ता निवासी महेंद्र का हुआ आकस्मिक निधन, छोड़ गए रोता-बिलखता परिवार

लालकुआं। बिंदुखत्ता के रावत नगर दुग्ध समिति के सचिव महेंद्र सिंह कन्याल का हृदय गति रुकने से आकस्मिक निधन हो गया। उनके असमय निधन से परिवार सहित पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। वह अपने पीछे वृद्ध माता-पिता, पत्नी, एक पुत्र और मासूम बेटी को रोता-बिलखता छोड़ गए हैं।
बताया जाता है कि महेंद्र सिंह कन्याल पूरी तरह स्वस्थ थे और उन्होंने रोज की तरह दिनभर अपने कार्य किए। इसी दौरान अचानक उनके सीने में तेज दर्द उठा। परिजन उन्हें उपचार के लिए ले जाने की तैयारी कर ही रहे थे कि चिकित्सकीय उपचार मिल पाने से पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया। अचानक हुई इस घटना से परिजन स्तब्ध रह गए और परिवार में कोहराम मच गया।
मिलनसार एवं सरल स्वभाव के महेंद्र सिंह कन्याल क्षेत्र में सभी के साथ आत्मीय व्यवहार के लिए जाने जाते थे। उनके निधन की खबर जैसे ही गांव में फैली, बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिचित शोकाकुल परिवार को सांत्वना देने उनके आवास पर पहुंचने लगे। हर आंख नम थी और अचानक हुई इस मौत पर लोग विश्वास नहीं कर पा रहे थे।
महेंद्र सिंह कन्याल का रविवार को गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया। उनकी अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण, दुग्ध समिति से जुड़े लोग, रिश्तेदार और शुभचिंतक शामिल हुए। उनकी असमय विदाई ने परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र को गहरे शोक में डुबो दिया।

To Top