लालकुआं। गूलरभोज और लालकुआं रेलवे स्टेशनों के बीच ट्रेन की चपेट में आने से एक अज्ञात व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी, आरपीएफ और सिविल पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मृतक की शिनाख्त के प्रयास शुरू किए, लेकिन देर शाम तक सफलता नहीं मिल सकी।
जानकारी के अनुसार, गूलरभोज स्टेशन मास्टर ने व्हाट्सएप के माध्यम से सूचना दी कि सिडकुल हाल्ट और गूलरभोज रेलवे स्टेशन के मध्य किलोमीटर संख्या 9/4-3 के पास रेलवे ट्रैक पर एक अज्ञात व्यक्ति पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही टीपी नगर चौकी पुलिस हल्द्वानी, जीआरपी लालकुआं चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। आरपीएफ की टीम भी घटनास्थल पर मौजूद रही।
पुलिस के अनुसार, मृतक को 108 एंबुलेंस के माध्यम से राजकीय सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी भेजा गया, जहां चिकित्सकों द्वारा उसे मृत घोषित किए जाने की कार्रवाई की गई। घटनास्थल सिविल पुलिस के क्षेत्र में आने के कारण मामले में अग्रिम कार्रवाई टीपी नगर चौकी, हल्द्वानी पुलिस द्वारा की जाएगी। पुलिस मृतक की पहचान कराने के लिए आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटाने के साथ ही अन्य आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है।



