लालकुआं। औद्योगिक नगरी लालकुआँ स्थित प्रतिष्ठित आईटीसी पेपर मिल में राष्ट्रप्रेम का एक ऐसा अनूठा संगम देखने को मिला जिसने उपस्थित जनसमूह को गहराई से प्रेरित किया। मिल परिसर में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान आईटीसी के यूनिट हेड प्रणव शर्मा ने तिरंगा फहराया और राष्ट्रध्वज को नमन किया। इस दौरान पूरा परिसर भारत माता के जयकारों और देशभक्ति के नारों से गुंजायमान हो उठा।
ध्वजारोहण के उपरांत मिल के अधिकारियों और कर्मचारियों को संबोधित करते हुए प्रणव शर्मा ने कहा कि आजादी के लिए संघर्ष कर रहे लाखों बलिदानियों की शहादत के बूते आज हम खुली हवा में सांस ले रहे हैं, लेकिन हमें कभी नहीं भूलना चाहिए कि यह खुली हवा उन अनगिनत स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के असीम बलिदान और त्याग का परिणाम है, जिन्होंने अपनी जवानी और जीवन देश के नाम न्योछावर कर दिया। उन्होंने देश के समस्त अमर शहीदों को नमन करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि एक जिम्मेदार औद्योगिक संस्थान और राष्ट्र के नागरिक के रूप में हमें कार्यस्थल पर सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन करने और गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है, क्योंकि सुरक्षा और गुणवत्ता ही हमारी वास्तविक प्रगति की नींव हैं। उन्होंने गर्व के साथ रेखांकित किया कि आईटीसी समूह वर्षों से निरंतर संघर्ष, समर्पण और अनुशासन का एक बेमिसाल उदाहरण रहा है। 41 साल तक बिरला मैनेजमेंट का हिस्सा रहे यहां के सैकड़ो श्रमिक एवं अधिकारियों ने पहली बार आईटीसी के अधिकारियों के साथ स्वतंत्रता दिवस का जश्न मनाया।
कार्यक्रम में मिल प्रबंधन के प्रबोध पात्रा, नरेश चन्द्रा, अविनाश जौहरी, संजय बाजपेयी, पंकज धूलिया सहित अधिकारी गण, श्रमिक संगठनों के पदाधिकारी गण एंव कर्मचारी उपस्थित रहे।




