हल्द्वानी। चोरी एवं झपटमारी की घटनाएं क्षेत्र में रुकने का नाम नहीं ले रही है, जबकि पुलिस मुस्तैदी से फ्लैग मार्च व गस्त भी कर रही है, यहां रोडवेज की अनुबंधित बस में दिल्ली से हल्द्वानी आ रहे महिला सिपाही व जापान से आए उसके देवर के दो बैग चोरी हो गए। एक बैग में देवर का पासपोर्ट, वीजा, लैपटाप व अन्य जरूरी सामान रखा था। महिला सिपाही के देवर ने हल्द्वानी कोतवाली में इसकी शिकायत की है। उसने बताया कि बस में जगह कम पड़ने पर उन्होंने डिक्की में अपने दोनों बैग रख दिए थे।
शिकायत के बाद पुलिस ने चालक परिचालक से पूछताछ भी की है। दिल्ली के उत्तराखंड सदन में तैनात हल्द्वानी निवासी महिला सिपाही और जापान से आए उसके देवर ने पुलिस को बताया कि रविवार की रात दिल्ली से वह हल्द्वानी आ रहे थे। जब वह हल्द्वानी के ट्रांसपोर्ट नगर के पास उतरे और अनुबंधित बस की डिक्की में बैग लेने गए तो उन्हें वहां बैग नहीं मिले। महिला सिपाही ने बताया कि दोनों ने डिक्की में बैग रख दिए थे। इधर, एआरएम गणेश पंत ने बताया कि महिला सिपाही ने इसकी शिकायत पुलिस से की है। बस से सामान कैसे गायब हो गया इसका पता करवाया जा रहा है।





