उत्तराखण्ड

लालकुआं पुलिस की कार्यशैली पर चेयरमैन का गुस्सा, ओवरलोड ट्रॉली को भगाने, सरकारी शराब की दुकान में ओवररेटिंग और अभद्रता के लगाए गंभीर आरोप… देखें वीडियो,

लालकुआं। नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी ने लालकुआं कोतवाली पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए पुलिस पर ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली को संरक्षण देने और शिकायत करने पर उनके साथ अभद्रता करने के आरोप लगाए हैं। इतना ही नहीं, उन्होंने कोतवाली से चंद कदमों की दूरी पर संचालित देशी और अंग्रेजी शराब की दुकानों में खुलेआम ओवररेटिंग होने के बावजूद कार्रवाई नहीं किए जाने पर भी पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाए हैं। नगर पंचायत अध्यक्ष ने दोनों मामलों में शासन-प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि संबंधित ट्रैक्टर-ट्रॉली के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो वह आंदोलन करने को विवश होंगे।
नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी के अनुसार, नगर की सड़क से गुजर रही एक ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली ने विद्युत पोल को टक्कर मारकर उसे भारी नुकसान पहुंचाया। घटना की जानकारी मिलने पर वह मौके पर पहुंचे और मामले की शिकायत कोतवाली पुलिस से की, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने कार्रवाई करने के बजाय ट्रैक्टर-ट्रॉली को मौके से रवाना कर दिया। इस दौरान पुलिसकर्मियों द्वारा उनके साथ अभद्रता भी की गई। अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि पुलिस का यह रवैया जनप्रतिनिधियों की शिकायतों के प्रति उसकी गंभीरता को दर्शाता है।
उन्होंने कोतवाली के समीप स्थित देशी और अंग्रेजी शराब की दुकानों में निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत वसूले जाने का मुद्दा उठाते हुए कहा कि खुलेआम ओवररेटिंग के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं होना कई सवाल खड़े करता है। उन्होंने इस मामले में पुलिस की निष्क्रियता को लेकर भी नाराजगी जताई। लोटनी ने यह भी आरोप लगाया कि उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल को छह से अधिक बार फोन किया, लेकिन उनका फोन तक नहीं उठाया गया। उन्होंने शासन-प्रशासन से जनहित से जुड़े इन मामलों का तत्काल संज्ञान लेकर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
इधर, कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह राणा ने नगर पंचायत अध्यक्ष के आरोपों पर अपना पक्ष रखते हुए कहा कि मौके पर आपसी विवाद को शांत कराने के उद्देश्य से ट्रैक्टर-ट्रॉली को वहां से रवाना किया गया था। यदि नगर पंचायत अध्यक्ष संबंधित वाहन के खिलाफ कार्रवाई चाहते हैं तो वह लिखित शिकायत दें, पुलिस नियमानुसार कार्रवाई करेगी। वहीं शराब की दुकानों में ओवररेटिंग की शिकायत पर उन्होंने कहा कि इस संबंध में संबंधित विभाग से शिकायत की जानी चाहिए, ताकि नियमानुसार कार्रवाई हो सके।
नगर पंचायत अध्यक्ष द्वारा पूरे घटनाक्रम को सोशल मीडिया पर साझा किए जाने के बाद पोस्ट पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। वहीं, इस मामले को लेकर क्षेत्रवासियों में भी असंतोष देखा जा रहा है। लोगों का कहना है कि नगर की सड़कों पर बेलगाम दौड़ रही ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉलियां कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती हैं। उल्लेखनीय है कि दीपावली से पूर्व भी एक ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से हाईवे के डिवाइडर पर लगा स्ट्रीट लाइट का विद्युत पोल सड़क पर गिर गया था। इस हादसे के चलते आधे घंटे से अधिक समय तक हाईवे का यातायात बाधित रहा था। गनीमत रही कि उस दौरान वहां से गुजर रहे स्कूटी सवार दंपति बाल-बाल बच गए थे।
लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं से क्षेत्र में ओवरलोड वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की मांग तेज हो गई है। नगर पंचायत अध्यक्ष लोटनी ने दोहराया कि यदि पुलिस प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित ट्रैक्टर-ट्रॉली के खिलाफ कार्रवाई नहीं की और अन्य शिकायतों पर भी प्रभावी कदम नहीं उठाए तो उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।

To Top