लालकुआं। बिंदुखत्ता के घोड़ानाला क्षेत्र में पत्नी से हुए विवाद के बाद एक युवक ने आत्मघाती कदम उठा लिया। ससुराल में रह रहे युवक ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर पंखे के सहारे दुपट्टे से फंदा लगा लिया। काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आने पर परिजनों ने दरवाजा तोड़ा तो उसका शव फंदे से लटका मिला। आनन-फानन में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।पुलिस के अनुसार बरेली जिले के फरीदपुर स्थित होली चौराहा निवासी 37 वर्षीय राजेश फल-सब्जी का ठेला लगाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। वह पिछले तीन माह से बिंदुखत्ता के घोड़ानाला क्षेत्र में अपनी पत्नी के साथ ससुराल में रह रहा था। बताया जा रहा है कि गत दोपहर राजेश शराब के नशे में घर पहुंचा। इस पर पत्नी ने उसे टोका तो दोनों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद के बाद राजेश गुस्से में दूसरे कमरे में चला गया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया।काफी देर तक कमरे से कोई हलचल नहीं होने पर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। उन्होंने दरवाजा तोड़कर अंदर देखा तो राजेश पंखे से दुपट्टे के सहारे लटका हुआ था। परिजन तत्काल उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। हल्द्वानी मोर्चरी में पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।



