हल्द्वानी। गौलापार में दोपहर को घरेलू विवाद से गुस्साए पति ने पत्नी के सिर पर फावड़े के हत्थे से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को एसटीएच से प्राथमिक इलाज के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
पुलिस के मुताबिक, देवला तल्ला पजाया गौलापार, निवासी 56 वर्षीय महेंद्र सिंह रावत किसान हैं। उसका अक्सर 45 वर्षीय पत्नी नीलम रावत से विवाद होता रहता था। गत दोपहर को भी दोनों में किसी बात पर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर महेंद्र ने फावड़े
के हत्थे से नीलम के सिर पर हमला कर दिया। सिर पर चोट लगने से नीलम अचेत होकर गिर पड़ी। आरोपी पति ने खुद पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने महिला को एसटीएच पहुंचाया। नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर भेजा। इसके बाद परिजनों ने उसे हल्द्वानी के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसने दम तोड़ दिया। काठगोदाम एसएचओ जसवीर सिंह चौहान ने बताया कि मृतका की बहन की तहरीर पर आरोपी पति के खिलाफ हत्या की धाराओं में मामला दर्ज किया है।
उल्लेखनीय है कि मृतका नीलम का लालकुआं में मायका है, उसकी मौत की खबर से जहां परिजनों में कोहराम मचा हुआ है, वहीं क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है।




