उत्तराखण्ड

ज्यूलीकोट दूषित पेयजल मामले में उत्तराखंड शासन ने किये कई वरिष्ठ अधिकारी निलंबित,

हल्द्वानी। ज्योलीकोट क्षेत्र में दूषित पेयजल आपूर्ति और डायरिया संक्रमण के मामले में उत्तराखंड जल संस्थान और पेयजल निगम ने जिम्मेदारी तय करते हुए कई अधिकारियों पर कार्रवाई की है। विभागीय आदेशों के मुताबिक लापरवाही के प्रथम दृष्टया आरोप में प्रभारी अधीक्षण अभियंता विशाल कुमार, सहायक अभियंता मोहन सिंह रावत और अपर सहायक अभियंता रविंद्र को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।
वहीं पेयजल निगम स्तर पर भी कार्रवाई हुई है। प्रभारी अधिशासी अभियंता शशिपाल सिंह, प्रभारी सहायक अभियंता संजय कुमार आर्य और कनिष्ठ अभियंता दीपांशु शर्मा को ज्योलीकोट क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था से जुड़ी लापरवाही के मामले में निलंबित किया गया है। विभागीय आदेशों में जल स्रोतों की सफाई, पेयजल गुणवत्ता की जांच और प्रभावित क्षेत्रों में समय पर कार्रवाई में लापरवाही का उल्लेख किया गया है।
इसी कार्रवाई के बीच उत्तराखंड जल संस्थान ने अधीक्षण अभियंता नंद किशोर को अधीक्षण अभियंता, उत्तराखंड जल संस्थान हल्द्वानी के पद पर तैनात किया है। आदेश के अनुसार वे अपने वर्तमान पद के कार्यों के साथ लालकुआं क्षेत्र के अधिशासी अभियंता के कार्यों का भी निर्वहन करेंगे। यह व्यवस्था नियमित व्यवस्था होने तक प्रभावी रहेगी।

To Top