उत्तराखण्ड

दुग्ध संघ बोर्ड ने 34 प्रस्तावों पर लगाई मुहर, दीपावली से पहले दुग्ध उत्पादकों को मिलेगा ₹2.75 करोड़ का लाभ

लालकुआं। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ के प्रशासनिक भवन में बुधवार को दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा की अध्यक्षता में बोर्ड बैठक आयोजित की गई। बैठक में दुग्ध संघ से संबंधित 34 प्रस्ताव बोर्ड के समक्ष रखे गए, जिनमें कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा के बाद स्वीकृति प्रदान की गई। साथ ही आगामी 76वें वार्षिक सामान्य निकाय अधिवेशन की तैयारियों एवं आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर रणनीति तय की गई।
बैठक में पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में बढ़ी दुग्ध लाभ राशि को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। दुग्ध उत्पादकों को दीपावली से पूर्व दो करोड़ 75 लाख रुपये की दुग्ध लाभ राशि का भुगतान किए जाने संबंधी प्रस्ताव निबंधक को भेजने पर सहमति बनी। वहीं कर्मचारीगण को 17 प्रतिशत बोनस/एक्स-ग्रेशिया दिए जाने का प्रस्ताव भी निबंधक को भेजे जाने पर सहमति बनी।
इसके अलावा कामगारों सहित दुग्ध संघ के करीब 440 श्रमिकों को प्रोत्साहन राशि प्रदान किए जाने के लिए वित्तीय स्वीकृति दी गई। परिवहनकर्ताओं पर बकाया राशि की वसूली को लेकर भी बोर्ड ने सख्त रुख अपनाते हुए एक सप्ताह के भीतर बकाया जमा नहीं करने वाले संबंधित परिवहनकर्ताओं के खिलाफ ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई का निर्णय लिया।
बैठक में दिवंगत संचालक स्वर्गीय किशन सिंह बिष्ट के योगदान को याद करते हुए उनके नाम से नवनिर्मित दुग्ध समिति भवन का निर्माण कराए जाने पर भी सहमति बनी। इसके साथ ही 76वें सामान्य निकाय अधिवेशन में रखे जाने वाले प्रस्तावों को अंतिम रूप देने और उन्हें निबंधक को भेजने सहित दुग्ध संघ के संचालन से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में संचालक मंडल सदस्य गोविंद सिंह मेहता, कृष्ण कुमार, आनंद सिंह नेगी, पुष्पा देवी, खष्टी देवी, दीपा देवी, हेमा देवी, दीपा देवी रैक्वाल, सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, वित्त प्रभारी उमेश पठालनी, प्रशासन एवं विपणन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी, पीएंडआई सुभाष बाबू, शांति कोरंगा, सुरेश चंद्र, खलील अहमद समेत दुग्ध संघ के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
फोटो परिचय- नैनीताल दुग्ध संघ बोर्ड की बैठक में मौजूद अध्यक्ष मुकेश बोरा व अन्य

To Top