उत्तराखण्ड

पति ने पत्नी को बेरहमी से इतना पीटा कि उसकी हो गई मौत, बच्चों के सिर से उठा मां का साया,

हल्द्वानी। नैनीताल जनपद के दूरस्थ क्षेत्र ओखलकांडा ब्लॉक के तल्ला ओखलकांडा में शराब के नशे में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी के साथ बेरहमी से मारपीट कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित कर दी हैं, जो लगातार दबिश देने के साथ उसकी तलाश में जुटी हैं।
थाना खनस्यूं पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार तल्ला ओखलकांडा निवासी भीम सिंह उर्फ मोनू (36) पुत्र नारायण सिंह 21 अगस्त की रात मजदूरी करने के बाद खनस्यूं से शराब के नशे में घर पहुंचा था। बताया गया कि इसी दौरान उसका पत्नी डिक्री देवी (28) से विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर भीम सिंह ने पत्नी के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी घर से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार 22 अगस्त को घटनास्थल का निरीक्षण कर फॉरेंसिक टीम ने मौके से भौतिक साक्ष्य एकत्र किए। पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद रविवार को मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए तीन टीमें गठित की हैं। संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। आरोपी की तलाश और गिरफ्तारी के लिए पंपलेट तैयार कर प्रचार-प्रसार भी किया जा रहा है।
इस घटना ने मृतका के चार छोटे बच्चों को बेसहारा कर दिया है। डिक्री देवी के दो बेटे और दो बेटियां हैं। सबसे छोटी बेटी करीब तीन वर्ष की है, जबकि बड़ा बेटा करीब 10-11 वर्ष का बताया जा रहा है। मां की मौत के बाद बच्चों के पालन-पोषण की जिम्मेदारी को लेकर परिवार के सामने बड़ा संकट खड़ा हो गया है।
ग्रामीणों के अनुसार भीम सिंह मजदूरी करता था और शराब का आदी था। भीम सिंह दो भाइयों में छोटा है। उसका बड़ा भाई सोनू दिल्ली में निजी नौकरी करता है और अपने परिवार के साथ वहीं रहता है। बताया गया कि दोनों भाइयों के माता-पिता का बचपन में ही निधन हो गया था और उनका पालन-पोषण उनके मामा ने किया था।
मृतका डिक्री देवी का मायका ओखलकांडा के औधौड़ा गांव में है। मायके की आर्थिक स्थिति भी बेहद कमजोर बताई जा रही है। ऐसे में चार मासूम बच्चों के सामने अब सबसे बड़ा सवाल उनके भविष्य और पालन-पोषण का है।

To Top