लालकुआं। काठगोदाम गौला बैराज से संदिग्ध परिस्थितियों में नदी में कूदकर जान देने वाले बिंदुखत्ता के 17 एकड़ निवासी 65 वर्षीय राय सिंह कोरंगा का बुधवार को चित्रशिला घाट रानीबाग में गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया। उनकी मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है, जबकि परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
बताया गया कि राय सिंह कोरंगा मंगलवार शाम काठगोदाम गौला बैराज पहुंचे थे, जहां उन्होंने गौला नदी में छलांग लगा दी। बुधवार दोपहर हल्द्वानी में उनका शव बरामद हुआ। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद अंतिम संस्कार किया गया।
राय सिंह टैक्सी चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके दो बेटे और एक बेटी हैं। बड़ा बेटा भरत कोरंगा विदेश में नौकरी करता है, जबकि मझला बेटा प्रदीप कोरंगा अग्निवीर के रूप में भारतीय सेना में सेवारत है। बेटी बबीता दिल्ली में नौकरी करती हैं और नवंबर में उनका विवाह होना तय था।
रक्षाबंधन पर बेटी बबीता और सेना में तैनात बेटा प्रदीप दोनों घर आए हुए थे, लेकिन पिता की अचानक मौत से परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। ग्रामीणों के अनुसार राय सिंह बेहद मृदुभाषी और मिलनसार स्वभाव के थे तथा हर किसी के सुख-दुख में साथ खड़े रहते थे। उनके निधन से गांव में गहरा शोक व्याप्त है।
फाइल फोटो- राय सिंह कोरंगा




