उत्तराखण्ड

मलबे की आड़ में खुदाई के आरोपों के बाद यूसीएफ ने गठित की पांच सदस्यीय जांच कमेटी, मचा हड़कंप,

लालकुआं। हल्दूचौड़ स्थित उत्तराखंड राज्य सहकारी संघ (यूसीएफ) के सोयाबीन एवं वनस्पति कॉम्प्लेक्स परिसर में भवन ध्वस्तीकरण के दौरान जमीन की गहराई तक खुदाई किए जाने की शिकायतों ने अब तूल पकड़ लिया है। मामले में कथित अनियमितताओं और शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए यूसीएफ के प्रबंध निदेशक आनंद शुक्ला ने पांच सदस्यीय विभागीय जांच कमेटी गठित कर दी है। कमेटी को पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच कर जल्द रिपोर्ट प्रस्तुत करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।
प्रबंध निदेशक द्वारा गठित जांच कमेटी में सोयाबीन फैक्ट्री के परियोजना अधिकारी त्रिलोचन पाठक को अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं जिला प्रबंधक नैनीताल प्रेमा हर्बोला, सहायक अभियंता शुभम बिष्ट, अवर अभियंता मानवेंद्र सिंह तथा अकाउंटेंट दीपक तिवारी को सदस्य बनाया गया है।
यूसीएफ प्रबंधन ने जांच टीम को निर्देश दिए हैं कि ध्वस्तीकरण स्थल पर सामने आई अनियमितताओं से संबंधित शिकायतों की गंभीरता से जांच की जाए तथा मौके की स्थिति, ध्वस्तीकरण कार्य और जमीन की खुदाई सहित पूरे प्रकरण की पड़ताल कर विस्तृत विभागीय रिपोर्ट अविलंब प्रेषित की जाए।
इधर, उप जिलाधिकारी लालकुआं रेखा कोहली ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए कहा कि सोयाबीन फैक्ट्री प्रकरण में विभागीय जांच कमेटी का गठन हो चुका है और प्रशासन की नजर भी पूरे मामले पर बनी हुई है। उन्होंने बताया कि प्रशासन की ओर से भी मामले की रिपोर्ट तैयार कर जिलाधिकारी को भेजी जाएगी। विभागीय जांच पूरी होने के बाद प्राप्त रिपोर्ट का भी अध्ययन किया जाएगा।
गौरतलब है कि सोयाबीन फैक्ट्री परिसर में भवनों के ध्वस्तीकरण के दौरान मलबे की आड़ में जमीन की गहराई तक खुदाई किए जाने को लेकर क्षेत्रवासियों द्वारा लगातार सवाल उठाए जा रहे थे। शिकायतों में ध्वस्तीकरण कार्य के दौरान अपनाई जा रही प्रक्रिया और खुदाई को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं। मामले की शिकायतें सामने आने के बाद अब यूसीएफ ने विभागीय स्तर पर जांच शुरू कर दी है।
अब जांच कमेटी की रिपोर्ट के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि ध्वस्तीकरण के दौरान वास्तव में क्या-क्या कार्य हुए और जमीन की गहराई तक खुदाई किए जाने के पीछे क्या वजह रही। फिलहाल विभागीय जांच शुरू होने के बाद पूरे मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।

यह भी पढ़ें 👉  गोरापड़ाव डकैती कांड में पुलिस ने एक और शातिर बदमाश को दबोचने में की सफलता हासिल, सोना बरामद,

फोटो परिचय: हल्दूचौड़ स्थित सोयाबीन फैक्ट्री परिसर में ध्वस्तीकरण स्थल।

Ad Ad
To Top