लालकुआं। निकटवर्ती क्षेत्र मोतीनगर में बना बेतरतीब कट फिर से मौत का कारण बन गया है, यहां एक गलत दिशा में मुड़ रहे छोटे हाथी ने लालकुआं से हल्द्वानी की ओर को जा रहे मोटरसाइकिल सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उक्त युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतक युवक लालकुआं के वार्ड नंबर 5 का रहने वाला था, तथा पिछले वर्ष उसकी पत्नी का भी डिलीवरी के दौरान निधन हो गया था। इसका एक छोटा सा बेटा है, उक्त घटना से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। घटना आज शाम लगभग 7 बजे की है।
मोतीनगर कट में अज्ञात वाहन की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई। 112 की सूचना पर हल्दूचौड़ पुलिस चौकी प्रभारी अर्जुन गिरी गोस्वामी ने मौके पर पहुंचे और क्षेत्र वासियों से बातचीत की। चौकी प्रभारी के मुताबिक उन्हें लोगों द्वारा बताया कि एक छोटा हाथी जो गलत दिशा से आ रहा था लालकुआ से आ रहीं मोटर साइकिल संख्या यूके04 एटी- 6967 की टक्कर हो गयी थी, जिसमें मोटरसाइकिल सवार युवक की मौके पर ही मृत्यु हो गयी, घटना स्थल चौकी मंडी से सम्बन्धित होने के कारण चौकी मंडी को सूचित किया गया तथा मौके पर ई साक्ष्य की कार्यवाही की गयी। घटना से सम्बन्धित मोटर साइकिल को चौकी हल्दूचौड कोतवाली लालकुआ में खड़ा किया गया है। मृतक रहीम खान पुत्र याक़ूब अली निवासी सुभाष नगर लालकुआ नैनीताल, उम्र लगभग 28 वर्ष को 1033 एम्बुलेंस के माध्यम से सुशीला तिवारी हल्द्वानी भेजा गया। मृतक रहीम मोटर मिस्त्री था, पिछले साल उसकी पत्नी का बच्चे की डिलीवरी के दौरान आकस्मिक निधन हो गया था, अब रहीम की भी अचानक मौत होने से उसका नन्हा सा पुत्र यतीम हो गया है। उक्त घटना से क्षेत्र में जहां शोक की लहर व्याप्त है, वहीं परिवार में कोहराम मच गया है।




