उत्तराखण्ड

राजस्व गांव की मांग पर बिंदुखत्ता से लालकुआं जुलूस के बाद बेमियादी क्रमिक अनशन शुरू,

लालकुआं। बिंदुखत्ता को राजस्व गांव का दर्जा देने की अधिसूचना शीघ्र जारी करने समेत नौ सूत्रीय मांगों को लेकर कांग्रेस नेतृत्व वाले इंडिया गठबंधन ने शुक्रवार से शहीद स्मारक स्थल पर क्रमिक अनशन शुरू कर दिया। आंदोलन के पहले दिन आठ ग्रामीण अनशन पर बैठे। इससे पूर्व सुबह बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने बिंदुखत्ता से लालकुआं तक जुलूस निकालकर जोरदार प्रदर्शन किया और अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत शहीद स्मारक स्थल पर आयोजित सभा में पूर्व कैबिनेट मंत्री हरीश चंद्र दुर्गापाल ने आठ ग्रामीणों को माला पहनाकर क्रमिक अनशन पर बैठाया। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि बिंदुखत्ता को राजस्व गांव का दर्जा देने की वर्षों पुरानी मांग पर अब सरकार को ठोस निर्णय लेते हुए अधिसूचना जारी करनी चाहिए। साथ ही गौला नदी में बाढ़ और भू-कटाव से बचाव के लिए मजबूत सुरक्षा दीवार (तटबंध) का निर्माण, अशोक चक्र से सम्मानित शहीद मोहन नाथ गोस्वामी के नाम से स्वीकृत स्टेडियम का शीघ्र निर्माण सहित नौ सूत्रीय मांगों का समाधान किए जाने की मांग उठाई गई।
वक्ताओं ने कहा कि बिंदुखत्ता क्षेत्र लंबे समय से विभिन्न मूलभूत समस्याओं से जूझ रहा है। ग्रामीणों की मांगों को लेकर लगातार आंदोलन किए जाने के बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने सरकार से मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए शीघ्र निर्णय लेने की मांग की।
सभा के बाद इंडिया गठबंधन का काफिला जुलूस की शक्ल में लालकुआं शहर की ओर रवाना हुआ। जुलूस रेलवे स्टेशन चौराहे तक पहुंचा, जहां प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की। इसके बाद जुलूस वापस शहीद स्मारक स्थल पहुंचा, जहां आंदोलन के प्रथम दिन क्रमिक अनशन की शुरुआत की गई।
पहले दिन क्रमिक अनशन पर बैठने वालों में कुंदन सिंह मेहता, राजेंद्र सिंह चौहान, त्रिलोक सिंह मेहता, बीना जोशी, बिमला पाल, मीना कपिल, दीपा बिष्ट और उर्मिला धामी शामिल रहे।
इस दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरेंद्र बोरा, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष प्रदीप सिंह बथ्याल, राजेंद्र सिंह खनवाल, पुष्कर सिंह दानू, गिरधर बम, गुरदयाल मेहरा, कैलाश पांडे, आनंद सिंह नेगी, शेखर जोशी, प्रमोद कॉलोनी, विजय सामंत, इंद्र सिंह पनेरी, हेमवती नंदन दुर्गापाल, एडवोकेट बालम बिष्ट, शंकर जोशी, किरन डालाकोटी, संध्या डालाकोटी, मुन्ना बिष्ट, रमेश कुमार, लक्ष्मण धपोला, पुष्कर दुबडिया, भुवन जोशी, बिशन दत्त जोशी, गोविंद दानू, विनोद बिष्ट, चंदन बोरा, फूला देवी, हेमा आर्य समेत सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।
फोटो परिचय- शहीद स्मारक स्थल पर क्रमिक अनशन में बैठे बिंदुखत्ता वासी

To Top