उत्तराखण्ड

राजस्व गांव को लेकर सुलगी मशालें, लालकुआं में ग्रामीणों का का शक्ति प्रदर्शन… देखें वीडियो,


लालकुआं। बिंदुखत्ता को राजस्व गांव का दर्जा देने सहित नौ सूत्रीय मांगों को लेकर चल रहे आंदोलन के समर्थन में इंडिया गठबंधन ने लालकुआं में मशाल जुलूस निकालकर सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। जुलूस की अनुमति को लेकर दोपहर में पुलिस और आंदोलनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। इसके बावजूद देर शाम बड़ी संख्या में ग्रामीण मशालें लेकर सड़कों पर उतरे और अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की। वहीं, क्रमिक अनशन नौवें दिन भी जारी रहा।
शहीद स्मारक से शुरू हुआ मशाल जुलूस नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए आंदोलन स्थल पर पहुंचा। इससे पूर्व पुलिस ने बिना अनुमति जुलूस निकालने पर आपत्ति जताई, जबकि आंदोलनकारियों ने प्रशासन को कार्यक्रम की लिखित सूचना देने की बात कही। सभा में वक्ताओं ने बिंदुखत्ता को राजस्व गांव का दर्जा देने, घोड़ानाला के प्रदूषित नाले को भूमिगत करने और गोला नदी में स्थायी तटबंध बनाने सहित नौ सूत्रीय मांगें पूरी करने की मांग उठाई। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
आंदोलन के नौवें दिन प्रगतिशील महिला संगठन की बिंदु गुप्ता, पुष्पा आर्या और आनंदी देवी सहित अन्य महिलाएं क्रमिक अनशन पर बैठीं। आंदोलन में महिलाओं की दूसरी टोली के अनशन पर बैठने से महिला भागीदारी लगातार बढ़ रही है।
मशाल जुलूस में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप बथ्याल, हेमवती नंदन दुर्गापाल, हरेंद्र बोरा, भुवन जोशी, कुंदन सिंह मेहता, बीना जोशी, प्रमोद कालोनी, डॉ. कैलाश पांडे, मोहन नयाल, राजेंद्र सिंह खनवाल, मीना कपिल, उर्मिला धामी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल रहे।

To Top