हल्द्वानी। रुद्रपुर की ओर से बाइक द्वारा बरेली रोड को लौट रहे युवक को पिकअप ने जोरदार टक्कर मार दी। प्राप्त जानकारी के अनुसार यहां रामपुर रोड स्थित गन्ना सेंटर के पास देर रात पिकअप और बाइक की भिड़ंत हो गई। हादसे में धानमिल बरेली रोड निवासी रुचित सक्सेना (36) की मौत हो गई। पुलिस ने पिकअप चालक को हिरासत में ले लिया है।
एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल ने बताया कि रुचित डिलीवरी बॉय का काम करते थे। वह ऊधमसिंह नगर के गदरपुर स्थित अपने रिश्तेदार के घर गए थे। रात में बाइक से लौट रहे थे। गन्ना सेंटर
के पास सामने से आ रही पिकअप ने बाइक को टक्कर मार दी जिसमे रुचित गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तुरंत एसटीएच पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पहचान के बाद परिजनों को जानकारी दी गई। एसपी सिटी ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।




