उत्तराखण्ड

लालकुआं के इस गांव में तेंदुए की दस्तक से दहशत, ग्रामीणों की वन विभाग से तत्काल पकड़ने की मांग… देखें वीडियो,

लालकुआं। मोटाहल्दू के ग्राम पंचायत जयपुर खीमा क्षेत्र में पिछले कई दिनों से आबादी के बीच तेंदुए की लगातार आवाजाही से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है। घरों के आसपास तेंदुआ दिखाई देने से बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुए को तत्काल पकड़ने के साथ ही क्षेत्र में निगरानी और गश्त बढ़ाने की मांग की है।

ग्रामीणों के अनुसार, 25 अगस्त की शाम करीब 8:30 बजे ग्राम निवासी पंकज कबडाल के घर के पास तेंदुआ दिखाई दिया। घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी तेंदुए की गतिविधियां कैद हुई हैं। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज के साथ ही आसपास मिले पगचिह्नों की जांच की। वन विभाग द्वारा तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए क्षेत्र में कैमरे भी लगाए गए हैं।
इसके बावजूद तेंदुए की आबादी के आसपास लगातार मौजूदगी से ग्रामीणों में भय बना हुआ है। शाम ढलते ही लोग घरों से बाहर निकलने में संकोच कर रहे हैं, वहीं बच्चों को अकेले बाहर भेजने से भी अभिभावक डर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते तेंदुए को नहीं पकड़ा गया तो किसी भी दिन कोई अप्रिय घटना हो सकती है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त संख्या में कैमरा ट्रैप लगाने, प्रशिक्षित वनकर्मियों की नियमित गश्त कराने तथा नियमानुसार पिंजरा और जाल लगाकर तेंदुए को पकड़ने की मांग की है। साथ ही बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर तत्काल आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने तथा ग्रामीणों को जागरूक करने की भी मांग उठाई गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुए की लगातार मौजूदगी अब महज वन्यजीव संबंधी मामला नहीं रह गया है, बल्कि यह ग्रामीणों की जान-माल की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर विषय बन चुका है। उन्होंने वन विभाग से किसी अप्रिय घटना का इंतजार किए बिना आपात स्तर पर ठोस कार्रवाई करने की मांग की है।
इस संबंध में ग्राम जयपुर खीमा निवासी विनीत कबडाल एवं समस्त ग्रामवासियों की ओर से वन क्षेत्राधिकारी उमेश चंद्र आर्य को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन देने वालों में विनीत कबडाल, राहुल कबडाल, आनंद कबडाल, योगेश कपिल, दीपू कबडाल और महिपाल भौर्याल सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।
फोटो परिचय- तेंदुए की दहशत के चलते वन क्षेत्राधिकारी को ज्ञापन देते बरेली रोड के ग्रामीण

To Top