उत्तराखण्ड

लालकुआं के समीप रेलवे स्टेशन में ट्रेन के दो डिब्बे पटरी से उतरे, 6 घंटे लालकुआं- दिल्ली यातायात रहा बंद, यह ट्रेनें हुई प्रभावित,

हल्दी स्टेशन पर मालगाड़ी के दो डिब्बे पटरी से उतरे, 6 घंटे ठप रहा रेल यातायात,
गरीब रथ के यात्रियों को बसों से पहुंचाया गया, शताब्दी और जम्मू तवी ट्रेनें भी हुईं प्रभावि

लालकुआं। हल्दी रेलवे स्टेशन पर सोमवार को शंटिंग के दौरान मालगाड़ी के दो डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसे के चलते लालकुआं-दिल्ली रेल मार्ग पर करीब छह घंटे तक यातायात बाधित रहा। रेलवे महकमे में हड़कंप मच गया, वहीं गरीब रथ और शताब्दी एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ। रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों ने शाम तक डिब्बों को पटरी पर चढ़ाकर रेल यातायात बहाल करने की कार्रवाई की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 11:05 बजे हल्दी रेलवे स्टेशन पर एक मालगाड़ी शंटिंग कर रही थी। इसी दौरान उसके दो डिब्बों के पहिए पटरी से उतर गए, जिससे रेल संचालन ठप हो गया। इस बीच जम्मू से काठगोदाम आने वाली गरीब रथ एक्सप्रेस दोपहर करीब 12:15 बजे रुद्रपुर स्टेशन पहुंची, लेकिन रेल मार्ग बाधित होने के कारण उसे वहीं रोकना पड़ा। ट्रेन में फंसे यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए रेलवे ने सात बसों की व्यवस्था की, जिनसे यात्रियों को लालकुआं, हल्द्वानी और काठगोदाम पहुंचाया गया।
उधर, काठगोदाम से दिल्ली जाने वाली शताब्दी एक्सप्रेस भी प्रभावित हुई। दोपहर तीन बजे रवाना होने वाली यह ट्रेन करीब दो घंटे की देरी से शाम पांच बजे दिल्ली के लिए रवाना हो सकी। वहीं, जम्मू तवी से आने वाली गरीब रथ एक्सप्रेस भी शाम पांच बजे के बाद काठगोदाम के लिए रवाना हुई।
घटना की सूचना मिलते ही इज्जतनगर मंडल के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार के नेतृत्व में वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में डिब्बों को पटरी पर चढ़ाने के लिए युद्धस्तर पर प्रयास किए गए। शाम करीब पांच बजे तक दोनों डिब्बों के पहियों को वापस पटरी पर चढ़ा दिया गया।
मंडल रेल विभाग के जनसंपर्क अधिकारी सफदर हुसैन ने बताया कि रुद्रपुर स्टेशन पर ट्रेन संख्या 12208 के यात्रियों को लालकुआं, हल्द्वानी और काठगोदाम पहुंचाने के लिए सात बसें लगाई गई थीं। रेलवे की टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए प्रभावित रेल यातायात को बहाल किया।

To Top