लालकुआं। नगला बाईपास और लालकुआं के बीच टांडा जंगल से निकले करीब एक दर्जन हाथियों के झुंड ने मंगलवार रात हाईवे पर जमकर दहशत मचा दी। हाथियों के सड़क पर आ जाने से हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। इसी दौरान रुद्रपुर से लालकुआं की ओर आ रही एक बोलेरो कार की अचानक एक विशालकाय हाथी से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि हाथी भी घायल हो गया। घबराया कार चालक वाहन को हाईवे पर ही छोड़कर मौके से भाग खड़ा हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार की रात करीब 8:30 से 9 बजे के बीच टांडा जंगल से करीब एक दर्जन हाथियों का झुंड निकलकर हाईवे पर पहुंच गया। हाथियों को सड़क पर देखकर दोनों ओर से आ रहे वाहन कुछ देर के लिए वहीं रुक गए। हाथियों का झुंड कभी सड़क पार कर सीमैप दवाई फार्म की ओर चला जाता तो कुछ देर बाद वापस टांडा जंगल की ओर लौट आता। इस दौरान हाईवे पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रभावित रही और वाहन चालक हाथियों के बीच से निकलने में खासी दहशत महसूस करते रहे।
बताया गया कि इसी दौरान अचानक हाईवे पर पहुंचे एक विशालकाय हाथी से रुद्रपुर की ओर से आ रही बोलेरो कार की जबरदस्त भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं, टक्कर के बाद हाथी भी चोटिल हो गया और वह लंगड़ाते हुए वापस टांडा के जंगल की ओर चला गया।
सामने विशालकाय हाथी को देखकर कार चालक इस कदर घबरा गया कि वह अपनी कार को हाईवे पर ही छोड़कर वहां से भाग निकला। काफी देर तक हाथियों का झुंड हाईवे और सड़क किनारे मौजूद रहा। करीब पांच घंटे बाद, जब हाथियों का झुंड वहां से हटा, तब चालक वापस पहुंचा और किसी तरह क्षतिग्रस्त कार को वहां से लेकर गया।
हाथियों के सड़क पर मौजूद रहने के कारण देर रात तक हाईवे पर वाहन चालक बेहद सावधानी से धीमी गति में गुजरते रहे। अचानक हाथियों के हाईवे पर आने की घटना से क्षेत्र में वन्यजीवों और इंसानों के बीच बढ़ते संघर्ष को लेकर भी चिंता बढ़ गई है।




