उत्तराखण्ड

स्वाइन फ्लू से एसटीएच में महिला की मौत के बाद नैनीताल जनपद में इस बीमारी से मरने वालों की संख्या हुई चार…

हल्द्वानी। जनपद नैनीताल में स्वाइन फ्लू के रोगियों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है, स्वास्थ्य विभाग उक्त रोग को देखते हुए लोगों को अलर्ट भी कर रहा है। यहां स्वाइन फ्लू से एक और मौत हो गई है। डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती बागेश्वर निवासी 65 वर्षीय महिला ने सुबह दम तोड़ दिया। महिला को कैंसर भी था और गंभीर हालत में रेफर होकर दो सितंबर को एसटीएच में भर्ती हुई थी। तब से वह आईसीयू में थीं।
अभी तक एसटीएच में गंभीर बीमारी से पीड़ित नैनीताल निवासी 62 वर्षीय बुजुर्ग समेत दो लोगों की मौत हो चुकी है। काशीपुर निवासी 70 वर्षीय महिला में भी फ्लू के लक्षण मिलने पर उन्हें भर्ती कराया गया है जबकि एक डॉक्टर को होम आइसोलेट किया गया है।
सीएमओ डॉ. रश्मि पंत ने बताया कि जिले में यह चौथी मौत है। उनका कहना है कि स्वाइन फ्लू से घबराने की जरूरत नहीं है लेकिन फ्लू के लक्षणों को नजरअंदाज न करें। संक्रमण खांसी-छींक की बूंदों और दूषित सतहों से फैल सकता है। तेज बुखार, सूखी खांसी, गले में खराश,
सिरदर्द, शरीर में दर्द और अत्यधिक थकान इसके प्रमुख लक्षण हैं। बचाव के लिए हाथों की सफाई, भीड़ में मास्क का इस्तेमाल और पर्याप्त आराम जरूरी है। उन्होंने सांस लेने में परेशानी, सीने में दर्द, लगातार उल्टी या बेहोशी जैसे गंभीर लक्षण होने पर तत्काल अस्पताल पहुंचने को कहा है।
सीएमओ ने बताया कि ज्योलीकोट और आसपास जल जनित संक्रमण के चलते सभी चिकित्सा इकाईयों में कार्यरत डॉक्टरों और स्टॉफ को अवकाश के दौरान ऑन काल पर रहने के निर्देश दिए हैं।

To Top