उत्तराखण्ड

हल्द्वानी-लालकुआं के बीच एनएच 109 पर कार-ई-रिक्शा की जोरदार भिड़ंत, चार घायल,

हल्द्वानी। लालकुआं हल्द्वानी के बीच हाईवे संख्या 109 में गौला बाईपास रोड पर रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। गौला पार्किंग के निकट कार और ई-रिक्शा की जोरदार भिड़ंत में ई-रिक्शा चालक समेत चार लोग घायल हो गए। घायलों में छह साल का मासूम और 13 वर्षीय किशोर भी शामिल हैं। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। दिनदहाड़े हुई इस दुर्घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, रविवार 15 नवंबर की सुबह करीब 10 बजे कार संख्या UK 04 K 3159 और ई-रिक्शा संख्या UK 04 TB 5536 गौला पुल से नीचे की ओर जा रहे थे। इसी दौरान गौला पार्किंग के सामने दोनों वाहनों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ई-रिक्शा में सवार चारों लोग घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
दुर्घटना में ई-रिक्शा चालक पूरन जोशी (26) पुत्र गंगादत्त जोशी निवासी पूर्वी खेड़ा, गौलापार, विद्या पलड़िया (58) पत्नी गंगादत्त पलड़िया निवासी अमृतपुर तथा भावेश (13) और वेद (6) पुत्र जगदीश चंद्र निवासी पूर्वी खेड़ा, गौलापार घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर के बाद कार चालक ने घायलों की मदद करने के बजाय मौके से फरार होना उचित समझा। हादसे की सूचना मिलते ही बनभूलपुरा कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना से संबंधित जानकारी जुटाई।
पुलिस अब दुर्घटना के कारणों की जांच करने के साथ ही फरार कार चालक की तलाश में जुटी है। हादसे से क्षेत्र में चिंता का माहौल है।

To Top