उत्तराखण्ड

हल्द्वानी गौला पुल से 20 वर्षीय युवती ने नदी में लगाई छलांग… मचा हड़कंप…

हल्द्वानी। गौलापार को जाने वाले गौला पुल पर आत्महत्या के प्रयास की घटनाए लगातार सामने आ रही हैं। बुधवार शाम एक 20 वर्षीय युवती ने पुल से गौला नदी में छलांग लगा दी। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए नदी में उतरकर युवती को सुरक्षित बाहर निकाला और उसकी जान बचा ली। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवती को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।
पुलिस के अनुसार युवती की पहचान मुस्कान (20 वर्ष), पुत्री वसीम, निवासी काबुल गेट, इंदिरा नगर, बनभूलपुरा के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच मे सामने आया है कि घर में अपने भाई से विवाद होने के बाद वह नाराज होकर घर से निकल गई थी और कुछ देर बाद गौला पुल से नदी में छलांग लगा दी।
पुलिस क्षेत्राधिकारी अमित सैनी ने बताया कि सूचना मिलते ही बनभूलपुरा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक दिनेश फर्त्याल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से युवती को सुरक्षित बाहर निकालकर तत्काल परिजनो के साथ निजी वाहन से अस्पताल भेजा गया, जहा उसका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार युवती की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
उल्लेखनीय है कि गौला पुल पर आत्महत्या और आत्महत्या के प्रयास की घटनाए लगातार बढ़ रही हैं। हाल ही में एक युवक द्वारा पुल से छलांग लगाने की घटना मे उसकी मृत्यु हो गई थी। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं के बाद गौला पुल पर सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने, निगरानी बढ़ाने और आवश्यक सुरक्षा उपाय लागू करने की मांग तेज हो गई है।

To Top