हल्द्वानी। कानून व्यवस्था को चुनौती देते हुए एक दबंग किस्म के युवक ने ड्यूटी पर तैनात महिला उपनिरीक्षक (भोटिया पड़ाव चौकी प्रभारी) और पुलिस टीम पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की। आरोपित ने न सिर्फ महिला अधिकारी के साथ अभद्रता की, बल्कि उन्हें जान से मारने व वर्दी उतरवाने की धमकी भी दी।
हल्द्वानी कोतवाली में दी तहरीर में महिला उपनिरीक्षक आरती सचदेवा ने कहा कि रविवार रात करीब साढ़े 11 बजे वह अपनी टीम के साथ नैनीताल रोड पर गश्त और चेकिंग ड्यूटी पर थीं। इस दौरान तिकोनिया स्थित एक दुकान के पास खड़े वाहन के शीशों पर काली फिल्म चढ़ी थी। जब उन्होंने वाहन की काली फिल्म हटवाई व चालान करने की प्रक्रिया शुरू की,
तो कार चालक भड़क गया। चालक ने उनके साथ बदतमीजी करते हुए ट्रांसफर के साथ वर्दी उतरवाने की भी धमकी दी। जैसे ही वह वाहन के पास गईं और फोटो खींचने लगीं, तभी आरोपित ने उन्हें व उनके साथ ‘मौजूद होमगार्ड व चालक के ऊपर वाहन चढ़ाने का प्रयास किया। हालांकि उन्होंने फुर्ती दिखाते हुए अपनी जान बचाई। इसके बाद वाहन चालक फरार हो गया है। घटना पास की दुकान में लगे सीसीटीवी में भी कैद हुई है। हल्द्वानी कोतवाल विजय मेहता ने बताया कि फरार आरोपित की पहचान हो गई है। वह लालकुआं का रहने वाला है। जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।





