उत्तराखण्ड

हल्द्वानी में बेटे द्वारा की गयी दोस्त की पिटाई से नाराज मां ने कोतवाली में अपने ही बेटे को चप्पलों से धुना…

हल्द्वानी। शहर में दो दोस्तों के बीच किसी बात पर अनबन हो गई जिसके बाद एक ने दूसरे को अपने दोस्तों के द्वारा पिटवा दिया, कोचिंग सेंटर में हुई यह मारपीट हल्द्वानी कोतवाली पहुंच गई।
इधर बेटे की हरकत की जानकारी मिलते ही उसकी मां कोतवाली पहुंची और पुलिस के सामने ही बेटे की चप्पलों से पिटाई कर दी। मां का गुस्सा देखकर कुछ देर तक कोतवाली में कौतूहल का माहौल बना रहा।
पुलिस के अनुसार जेल रोड’ हीरानगर निवासी छात्र और बरेली रोड निवासी छात्र दोनों 12वीं में अलग-अलग स्कूल में पढ़ते हैं। शाम को दोनों नबावी रोड स्थित एक कोचिंग सेंटर में पढ़ने गए थे। कोचिंग के बाहर दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई।
आरोप है कि बरेली रोड निवासी छात्र ने अपने कुछ साथियों के साथ दूसरे छात्र की लात-घूंसे से जमकर पिटाई कर -दी। पीड़ित छात्र ने कोतवाली पहुंचकर शिकायत की। पुलिस आरोपित छात्र को पकड़कर कोतवाली ले आई। जानकारी मिलने पर आरोपित की मां भी कोतवाली पहुंच गई। बेटे की हरकत से नाराज मां ने पुलिस के सामने ही चप्पल उतारकर उसकी पिटाई शुरू कर दी। बाद में पीड़ित पक्ष के मान जाने पर दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया।

To Top