लालकुआं। लालकुआं से हल्द्वानी के बीच हाईवे में लगातार सड़क दुर्घटनाएं जारी है, यहां हल्दूचौड़ क्षेत्र में एक सड़क हादसे में बीएससी की छात्रा घायल हो गई। घायल छात्रा को उपचार के लिए हल्द्वानी स्थित डा. सुशीला तिवारी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत में सुधार बताया जा रहा है।
हल्दूचौड के दुमका बंगर निवासी पूरन चंद्र कांडपाल की पुत्री कशिश कांडपाल लाल बहादुर शास्त्री महाविद्यालय में बीएससी द्वितीय वर्ष की छात्रा है। गुरुवार को परीक्षा देने के बाद वह अपनी सहेली के साथ स्कूटी से घर लौट रही थी। बताया जाता है कि हल्दूचौड़ स्थित शिवपुरी कट के पास स्कूटी चालक छात्रा यू-टर्न ले रही थी, तभी एक आटो ने स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में कशिश गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि स्कूटी चला रही उसकी सहेली सुरक्षित बच गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों और राहगीरों की मदद से घायल छात्रा को तत्काल उपचार के लिए डा. सुशीला तिवारी चिकित्सालय पहुंचाया गया।





