उत्तराखण्ड

बिंदुखत्ता काररोड में साइकिल सवार को अनियंत्रित डंपर ने मारी टक्कर… दर्दनाक मौत…

लालकुआं। बिंदुखत्ता के काररोड मुख्य बाजार में शनिवार दोपहर हुए इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार वाहनों के कहर को उजागर कर दिया है। सब्जी लेकर घर लौट रहे एक व्यक्ति की इस तरह मौत होना पूरे क्षेत्र के लिए अत्यंत दुखद है।
काररोड मुख्य बाजार में शनिवार दोपहर एक अनियंत्रित डंपर ने इंद्रानगर द्वितीय बिंदुखत्ता निवासी साइकिल सवार कुंवर सिंह गड़िया को उस वक्त अपनी चपेट में ले लिया, जब वह कार रोड बाजार से सब्जी खरीद कर साइकिल द्वारा अपने घर को वापस लौट रहे थे। काररोड बाजार में
सब्जी खरीदकर लौटते समय एक तेज रफ्तार अनियंत्रित डंपर संख्या यूए 01-1728 ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कुंवर सिंह सड़क पर काफी दूर तक घिसट गए और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उनकी स्थिति नाजुक हो गई।
स्थानीय लोगों और परिजनों ने बिना समय गवाएं उन्हें हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल पहुँचाया।
अस्पताल पहुँचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। यह खबर के मिलते ही उनके घर में कोहराम मच गया। वह अपने पीछे तीन पुत्र धर्मपत्नी समेत भरा पूरा परिवार छोड़ गए हैं।
उनकी अचानक मृत्यु से इंद्रानगर और बिंदुखत्ता क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलने पर लालकुआं पुलिस ने मौके पर पहुँचकर साक्ष्य जुटाए हैं। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। स्थानीय व्यापारियों और निवासियों ने मुख्य बाजार में बेतरतीब ढंग से दौड़ते वाहनों और अव्यवस्थित यातायात पर गहरा रोष व्यक्त किया है। लोगों ने मांग की है कि बाजार क्षेत्र में स्पीड ब्रेकर और पुलिस गश्त बढ़ाई जाए ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।
फाइल फोटो- कुंवर सिंह गड़िया

To Top