उत्तराखण्ड

श्याम के रंग में रंगी लालकुआं की रात, भजनों पर भोर तक झूमते रहे श्रद्धालु,

लालकुआं। श्याम भक्ति की ऐसी बयार चली कि पूरा लालकुआं देर रात तक भक्तिरस में सराबोर रहा। नगर के अंबेडकर पार्क में श्याम परिवार की ओर से श्री श्याम प्रभु के हिंडोला संकीर्तन एवं तीज महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। शाम आठ बजे शुरू हुआ भक्ति और संगीत का यह सिलसिला प्रातः चार बजे तक चलता रहा। दिल्ली, बरेली और बाजपुर से पहुंचे प्रसिद्ध भजन गायकों ने अपनी सुरमयी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को ऐसा बांधा कि हर कोई श्याम भक्ति में झूमता नजर आया।
कार्यक्रम का शुभारंभ होते ही अंबेडकर पार्क श्याम प्रभु के जयकारों से गूंज उठा। जैसे-जैसे रात आगे बढ़ी, भजनों की मस्ती और श्रद्धालुओं की भक्ति भी परवान चढ़ती गई। पूरे आयोजन में भक्ति, संगीत और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला।
बाजपुर के प्रसिद्ध भजन गायक अर्चित ग्रोवर ने “गणपति बप्पा मोरिया”, “श्रीराम की गली में तुम जाना, वहां नाचते मिलेंगे हनुमाना”, “मेरे घर में जो कुछ भी है, वो दिया हुआ श्याम का” और “हाथों में लेकर निशान चला रे” सहित करीब एक दर्जन भजनों की शानदार प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनके भजनों पर युवा, महिलाएं और बुजुर्ग सभी झूमते दिखाई दिए।
इसके बाद दिल्ली से पहुंचीं बहनों प्रिया-प्राची ठाकुर ने अपनी मधुर आवाज का जादू बिखेरा। “रामा रामा रटते-रटते बीती रे उमरिया”, “करो स्वागत बाबा का”, “सावन का महीना रिमझिम बरसे पानी”, “गिरधर मेरे मौसम आया धरती के श्रृंगार का” तथा “कीर्तन की है रात बाबा आज थाने आनों है” जैसे भजनों ने वातावरण को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया।
बरेली से आए अनंत-अर्पणा मिश्रा ने भी अपनी शानदार प्रस्तुतियों से महोत्सव में चार चांद लगा दिए। “श्याम घर आया जी, में भर आया जी”, “तेरा सिंहासन क्यों हिल रहा है”, “कल रात सांवरे का ख्वाब आया”, “गौरा मां तेरी बारात आई है”, “सावन का महीना घटाएं घनघोर” और तू कृपा कर बाबा” जैसे भजनों पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते रहे।
महोत्सव के दौरान अंबेडकर पार्क में श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार बढ़ती रही। श्याम भजनों के बीच गूंजते जयकारों और भक्ति में झूमते श्रद्धालुओं ने पूरे माहौल को अविस्मरणीय बना दिया। भोर के चार बजे तक श्याम भक्ति का यह सिलसिला जारी रहा।
कार्यक्रम में मुख्य यजमान प्रिया मित्तल एवं राहुल मित्तल के साथ नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी, प्रमोद अग्रवाल, नवनीत गोयल, संजीव जिंदल, प्रेमपाल गंगवार, लवी मुंजाल, गौरव गोयल और विकास गर्ग सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। हल्द्वानी, रुद्रपुर, गदरपुर, बहेड़ी और बाजपुर सहित आसपास के विभिन्न क्षेत्रों से भी श्याम भक्त महोत्सव में पहुंचे।
फोटो परिचय- श्याम महोत्सव में अपनी प्रस्तुति देते गायक कलाकार

To Top