उत्तराखण्ड

छह माह से नहीं आई माहवारी, नैनीताल मे जांच की तो गर्भवती निकली किशोरी,

नैनीताल। जिले के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्र की 17 वर्षीय किशोरी मां के साथ बीडी पांडे अस्पताल पहुंची। यहां करीब छह माह से माहवारी नहीं आने की समस्या पर उसकी अल्ट्रासाउंड जांच कराई गई जिसमें किशोरी के करीब पांच सप्ताह चार दिन की गर्भवती होने का खुलासा हुआ। नाबालिग के गर्भवती होने की जानकारी मिलने पर अस्पताल प्रबंधन ने मल्लीताल कोतवाली पुलिस को सूचना दी।
जानकारी के अनुसार, किशोरी ने स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रेमा फर्कियाल को बताया कि उसे पिछले छह माह से माहवारी नहीं हुई है। समस्या को देखते हुए डॉक्टर ने उसे अल्ट्रासाउंड कराने की सलाह दी। जांच रिपोर्ट आने पर किशोरी के गर्भवती होने की पुष्टि हुई।
इसके बाद चिकित्सकों ने उसकी उम्र की पुष्टि के लिए पहचान संबंधी दस्तावेज देखे। कागजात के अनुसार उसकी उम्र 17 वर्ष आठ माह 23 दिन पाई गई। नाबालिग होने की जानकारी सामने आने के बाद अस्पताल प्रबंधन ने तत्काल पुलिस को सूचना दी लेकिन पुलिस के अस्पताल पहुंचने से पहले किशोरी वहां से जा चुकी थी।
मल्लीताल कोतवाल राजेंद्र रावत ने बताया कि अस्पताल प्रबंधन की ओर से नाबालिग के गर्भवती होने की सूचना मिली है। मामले की जानकारी जुटाकर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि मामला बेतालघाट थानाक्षेत्र से संबंधित है, इसलिए वहीं की पुलिस जांच करेगी। एसपी डॉ. जगदीश चंद्र ने बताया कि मामला अभी उनके संज्ञान में नहीं आया है।

To Top