उत्तराखण्ड

लालकुआं में बहाने से दो युवकों को जंगल ले जाकर बंधक बनाया, बेरहमी से पीटा; चार गिरफ्तार… देखें वीडियो

लालकुआं। क्षेत्र में बर्थडे पार्टी के बहाने दो ग्रामीणों को कार में बैठाकर जंगल ले जाने, वहां बंधक बनाकर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर घटना में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त कार भी जब्त की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बकुलिया किशनपुर सकुलिया, मोटाहल्दू निवासी दीपक सिंह बिष्ट ने लालकुआं कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि मोटाहल्दू निवासी चार युवक उसे और उसके साथी अनिरुद्ध बिष्ट निवासी बकुलिया मोतीनगर को अपनी कार में बैठाकर जंगल ले गए। आरोप है कि जंगल में दोनों को कार के भीतर बंधक बनाकर उनके साथ जमकर मारपीट की गई। मारपीट में अनिरुद्ध गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 127(2), 3(5), 115(2), 351(2) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद हल्दूचौड़ चौकी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में बलवंत सिंह बिष्ट उर्फ गुड्डू निवासी सूफी भगवानपुर मोटाहल्दू, कमल सिंह बिष्ट उर्फ सोमी निवासी सूफी भगवानपुर मोटाहल्दू, दीपक जोशी निवासी पदमपुर देवलिया मोटाहल्दू तथा मोहित कुमार निवासी मोतीनगर चौराहा शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त निशान मैग्नाइट कार संख्या:-यूके-04-एके-1293 भी जब्त की है।
हल्दूचौड़ चौकी प्रभारी अर्जुन गिरी गोस्वामी ने बताया कि दो दिन पूर्व बलवंत सिंह बिष्ट का जन्मदिन था। इस दौरान आरोपी और पीड़ित पक्ष जंगल में बर्थडे पार्टी मनाने गए थे। वहां किसी बात को लेकर पीड़ित पक्ष ने बलवंत के साथ मारपीट कर दी थी। इसी बात से नाराज बलवंत ने अगले दिन अपने तीन साथियों को साथ लिया और दीपक व अनिरुद्ध को बहाने से कार में बैठाकर जंगल ले गया, जहां दोनों के साथ मारपीट की गई।
चारों आरोपियों को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में चौकी प्रभारी अर्जुन गिरी गोस्वामी, कांस्टेबल गणेश गिरी और गुरमेज सिंह शामिल रहे।

यह भी पढ़ें 👉  लालकुआं विधायक का विधानसभा चुनाव को लेकर आया वीडियो हुवा जबरदस्त वायरल… देखें वीडियो,

फोटो परिचय : पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए मारपीट के चारों आरोपी।

Ad Ad
To Top