उत्तराखण्ड

लाल कुआं के भाजपा नेता के पुत्र पर हमला, हत्या की धमकी देने का आरोप

लालकुआं। गौला रोड रेलवे क्रॉसिंग के समीप एक युवक पर नुकीले हथियार से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में युवक की नाक पर गंभीर चोट आई, जिसके बाद राहगीरों ने उसे उपचार के लिए हल्द्वानी स्थित सोबन सिंह जीना बेस चिकित्सालय पहुंचाया। पीड़ित ने लालकुआं कोतवाली में प्राथमिकी देकर आरोपी के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

पीड़ित फरहाद रजा खान निवासी सुभाष नगर वार्ड नंबर 5 के अनुसार, वह अपने दो मित्रों के साथ गौला रोड रेलवे क्रॉसिंग के समीप एक स्वीट्स की दुकान के सामने से घर की ओर जा रहा था। इसी दौरान संजय नगर हाथीखाना निवासी एक युवक अचानक उसके सामने आ गया और बिना किसी स्पष्ट कारण के उस पर हमला कर दिया। आरोप है कि युवक ने नुकीले हथियार से उसकी नाक पर जानलेवा वार किया। हमले में घायल होने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद आसपास मौजूद राहगीरों ने घायल युवक को उठाकर निजी वाहन से बेस चिकित्सालय हल्द्वानी पहुंचाया, जहां उसका उपचार कराया गया।
पीड़ित ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि आरोपी पूर्व में उसका परिचित और दोस्त था, लेकिन बाद में वह नशीले पदार्थों के सेवन का आदी हो गया। पीड़ित का कहना है कि उसने कई बार आरोपी को नशे की लत छोड़ने की समझाइश दी, जिसके बाद दोनों के बीच दोस्ती और बातचीत समाप्त हो गई। पिछले करीब चार-पांच माह से दोनों के बीच कोई बातचीत नहीं थी।
पीड़ित का आरोप है कि इसी बात को लेकर आरोपी उससे रंजिश रखने लगा था और पूर्व में भी कई बार उसे जान से मारने की धमकी दे चुका था। धमकियों के चलते उसने आरोपी से दूरी बना ली थी, लेकिन इसके बावजूद आरोपी की खुन्नस खत्म नहीं हुई और उसने अचानक उस पर हमला कर दिया।
पीड़ित ने पुलिस से आरोपी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई करने तथा अपनी सुरक्षा सुनिश्चित किए जाने की मांग की है। उसका कहना है कि पूर्व में मिल चुकी जान से मारने की धमकियों और अब हुए हमले के बाद उसे अपनी तथा अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर गंभीर आशंका बनी हुई है। उल्लेखनीय है कि पीड़ित युवक फरहाद रजा खान वरिष्ठ भाजपा नेता नफीस खान के पुत्र हैं।

To Top